10 अगस्त को होगा नवनिर्मित सात मंजिला आरोग्य केंद्र का लोकार्पण।
इंदौर : श्री गुरुजी सेवा न्यास द्वारा माधव सृष्टि सेवा प्रकल्प के तहत मार्च 2021 से चमेलीदेवी मेडिकल सेंटर के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टर्स के जरिए विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीजों का न्यूनतम शुल्क पर इलाज किया जा रहा है। इसी कड़ी में सेवा प्रकल्प को विस्तार देते हुए ‘माधव सृष्टि आरोग्य केंद्र ‘ का निर्माण किया गया है। सत्य साईं विद्या विहार के सामने स्थित माधव सृष्टि परिसर में ही निर्मित इस सात मंजिला भवन का शुभारंभ आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत रविवार, 10 अगस्त को करेंगे।
न्यास के मनीषी श्रीवास्तव, सीए सुनील खंडेलवाल डॉ. गौरव खंडेलवाल और मुकेश हजेला ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इस आरोग्य केंद्र में कैंसर के मरीजों के उपचार की तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेषज्ञ डॉक्टर्स मरीजों को उचित परामर्श देने के साथ उनका उपचार करेंगे।संस्था उम्मीद के साथ यहां कैंसर मरीजों को रेडिएशन थेरेपी, PET CT स्कैन, कीमोथेरेपी, सर्जरी सहित सभी उपचार सुविधा मुहैया कराई जाएगी। गंभीर मरीजों के लिए पेलिएटिव केयर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। एलोपैथी के साथ प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद, होम्योपैथी, एक्यूपंक्चर, न्यूरोपैथी, क्रायोथेरेपी चिकित्सा भी यहां उपलब्ध कराई जाएगी। आरोग्य केंद्र गर्भ संस्कार की सेवाएं भी देगा। मरीजों व उनके परिजनों के लिए आवास, भोजन की सुविधा भी यहां उपलब्ध रहेगी। हालांकि ये डे केयर सेंटर होगा पर जरूरत पड़ी तो मरीजों को चिन्हित अस्पतालों में भर्ती भी किया जा सकेगा। तमाम सुविधाएं न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि गरीब, जरूरतमंद और निम्न मध्यम वर्ग के लोगों को इसका लाभ मिल सकें।









