मुख्यमंत्री चौहान ने लिया इंदौर की जनता का आशीर्वाद

  
Last Updated:  September 21, 2023 " 12:12 am"

शहर की सभी छह विधानसभाओं में पहुंची जन आशीर्वाद यात्रा।

सैकड़ो मंचों से हुआ यात्रा का जोरदार स्वागत।

केसरिया झंडों से पटा यात्रा मार्ग।

इन्दौर : प्रदेश के विभिन्न स्थानों का भ्रमण करने के बाद बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा ने बुधवार को इंदौर शहर की 06 विधानसभाओं का भ्रमण किया। निर्धारित समय से करीब तीन घंटे देरी से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के आगमन के बाद राऊ विधानसभा क्षेत्र से यात्रा प्रारंभ हुई। केसरिया और बीजेपी के झंडों से सजाए गए यात्रा मार्ग में भाजपा कार्यकर्ता उत्साह और उर्जा के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए चल रहे थे। रथ में सवार मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के साथ राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी नेता हाथ जोडते हुए जनता का अभिवादन करते चल रहे थे। जनता और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत मंचों से लगातार पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और कैलाश विजयवर्गीय का अभिनंदन किया जा रहा था। विभिन्न समाजों और वर्गों ने भी मंचों से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

जनता बीजेपी के साथ है : मुख्यमंत्री

इंदौर में हुए आत्मीय स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि इंदौर में जनता का मिल रहा आशीर्वाद ऐतिहासिक है। समाज का हर वर्ग भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद दे रहा है। इससे स्पष्ट है कि जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है।

बीजेपी मीडिया प्रभारी रितेश तिवारी और सह प्रभारी नितिन द्विवेदी ने बताया कि खण्डवा से प्रारंभ हुई जन आशीर्वाद यात्रा ने बुधवार को राऊ से होते हुए इंदौर शहर में प्रवेश किया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान यात्रा प्रारंभ करने से पहले स्थानीय गुरूद्वारा में दर्शन करने पहुंचे।इसके बाद राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और अन्य पार्टी नेताओं के साथ रोड शो में शामिल हुए। राऊ से यात्रा ने इंदौर जिले की विधानसभा क्रमांक 1 में प्रवेश किया। यहां पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए यात्रा की आगवानी की।यहां यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।

हम सरकार नहीं परिवार चला रहे।

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री
शिवराजसिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा करते हुए इंदौर शहर की जनता का आभार माना। उन्होंने कहा कि इंदौर की जनता को प्रणाम करता हूं और धन्यवाद देता हूं। जन आशीर्वाद यात्रा पर जनता ने प्यार और आशीर्वाद की वर्षा की है। हमने सड़कों पर चारो तरफ देखा कोई वर्ग ऐसा नहीं था जो न आया हो। बेटे, बेटियां, बुजुर्ग विशेषकर हमारी बहनें उत्साह,आनंद और प्रसन्नता के साथ यात्रा में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को वास्तव में जनता का सही आशीर्वाद मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने जो काम किए हैं उसका परिणाम अब दिखायी दे रहा है। उन्होंने कहा कि हम सरकार नहीं, परिवार चला रहे है। यह पूरा परिवार है। मध्यप्रदेश और परिवार का प्यार जन आशीर्वाद यात्रा में बरस रहा है, इसके लिए मैं आभारी हूं।

तपती धूप में भी स्वागत के लिए डटी रही बहनें।

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में यात्रा पहुंचने पर स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और बडी संख्या में नागरिकों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का जोरदार स्वागत किया। तपती धूप में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और लाड़ली बहनें हाथों में पुष्पमालाएं लिए स्वागत के लिए खड़ी थी। बोहरा व मुस्लिम समाज की महिलाओं ने भी यात्रा का स्वागत किया। यहां मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में झंडे, बैनर लिए खड़ी हुई थी। विभिन्न योजनाओं की हितग्राही बहनों ने पोस्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार माना। यात्रा के आगे आगे वाहनों का लंबा काफिला चल रहा था।

सैकडों स्थानों पर हुई पुष्पवर्षा।

बीजेपी नेताओं के मुताबिक इंदौर शहर में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की एक झलक देखने और यात्रा को मोबाइल में कैद करने के लिए घरों की छतों पर खड़े लोग भी उत्सुक नजर आए। पूरे यात्रा मार्ग को झंडे, बैनर व पोस्टरों से पाट दिया गया था। हर जगह भाजपा और केसरिया झंडे ही दिखाई दे रहे थे। कई स्थानों पर नागरिकों ने फूलों की बारिश की, जिस कारण पूरी सड़क पर फूलों की चादर बिछ गई थी। यहां से मुख्यमंत्री के रोड शो ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 में राजवाड़ा चौराहे से प्रवेश किया। यहां विधायक आकाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में बडी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और कैलाश विजयवर्गीय का स्वागत किया। युवा कार्यकर्ता दो पहिया वाहन पर सवार होकर रैली के रूप में इस यात्रा में शामिल हुए। राजवाडा चौक पर रेगर समाज, रविदास समाज, पांचाल समाज, विश्वकर्मा समाज, खटीक समाज, कोष्टी समाज, जिला वक्फ कमेटी, महाराष्ट्र समाज, पथ विक्रेता संगठन, व अन्य समाज बंधुओ ने मंच लगाकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। कई मंचों से केसरिया साड़ी और पगड़ी पहने हुए महिलाओं ने यात्रा का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह गौड़ की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण।

जन आशीर्वाद यात्रा के रथ ने महू नाका चौराहे से विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 में प्रवेश किया। यहां विधायक मालिनी गौड ने यात्रा की अगवानी की। उन्होंने मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महासचिव सहित सभी नेताओं का स्वागत किया। पार्टी नेताओं ने रथ से उतरकर महू नाका चौराहे पर स्थापित स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। एकलव्य गौड़ इस दौरान मौजूद थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की अगुवाई में निकली जन आशीर्वाद यात्रा को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक दो और पांच में भी जनता, कार्यकर्ता और लाडली बहनाआें का भरपूर स्नेह मिला।

सनातन विरोधी है कांग्रेस व घमंडिया गठबंधन।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि करप्शन नाथ की सरकार ने मेरे द्वारा चलाई जा रही बहुत सी योजनाओं को बंद करके जनता का हक छीनने का कार्य किया था, चाहे वह संबल योजना हो या फिर कन्या विवाह योजना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनका घमंडीया गठबंधन सनातन विरोधी है । वे सनातन की तुलना डेंगू ,मलेरिया से करते हैं लेकिन वह नहीं जानते कि सनातन हमेशा से है और हमेशा रहेगा।

जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय,केबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट,आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, युवा आयोग के अध्यक्ष निशांत खरे, सावन सोनकर, वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, बाबू सिंह रघुवंशी,नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू,विधायक महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी गौड, आकाश विजयवर्गीय,वरिष्ठ नेता मधु वर्मा एवं पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *