मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण

  
Last Updated:  November 24, 2023 " 07:38 pm"

मतगणना की तैयारियों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।

विधानसभा निर्वाचन-2023

तैयारियों और व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जाहिर की।

इंदौर : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन शनिवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने नेहरू स्टेडियम में बने मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए मतगणना की तैयारियों और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने तैयारियों और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। श्री राजन ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा, मतगणना पूर्ण पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो। प्रयास किए जाएंगे की परिणाम जल्द से जल्द मिले।

इस दौरान संभागायुक्त मालसिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी, प्रशासन और पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने मतगणना के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

श्री राजन ने विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए मतगणना कक्षों में जाकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही डाक मतपत्रों की गणना के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को भी देखा। उन्होंने मतगणना टेबलों, मतगणना कार्य में संलग्न अमले की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था, डाक मतपत्रों की संख्या आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। श्री राजन ने मतगणना स्थल पर स्ट्रांग रूम की सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी के लिए बनायी गई व्यवस्था को देखा। मतगणना स्थल परिसर में स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिये मौजूद अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से भी उन्होंने चर्चा की। अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की सराहना की। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन मतगणना व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

800 कर्मचारी करेंगे मतगणना।

बताया गया कि विधानसभा निर्वाचन-2023 की मतगणना 3 दिसम्बर को सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू होगी। सुबह 8:30 बजे से ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। बताया गया कि मतगणना के कार्य में लगभग 800 अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाएं ली जायेंगी इनमें 516 शासकीय सेवक ईव्हीएम के मतों की तथा 180 शासकीय सेवक पोस्टल बेलेट की गिनती करेंगे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *