युवा मोर्चा मारपीट कांड में शुभेंद्र गौड़ व नयन सोनी पर गिरी गाज

  
Last Updated:  June 12, 2023 " 09:20 pm"

दोनों पदाधिकारियों को युवा मोर्चा के सभी पदों से किया गया मुक्त।

इंदौर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के दो गुटों में शनिवार रात हुई मारपीट के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ और विशेष आमंत्रित सदस्य नयन सोनी को तत्काल प्रभाव से मोर्चा के सभी पदों से हटा दिया है।

युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में ही हुई थी घटना।

बता दें कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश और नगर पदाधिकारी,शनिवार रात भंवरकुआ क्षेत्र स्थित ज्ञानीजी के ढाबे पर एकत्रित हुए थे।युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार भी इस दौरान मौजूद थे। पदाधिकारियों की अनौपचारिक बैठक चल रही थी, इस बीच किसी बात को लेकर मोर्चा के नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा और प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ के बीच विवाद होने लगा। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। बताया जाता है कि मारपीट की शुरुआत शुभेंद्र गौड़, नयन सोनी व उनके समर्थकों ने की। उन्होंने सौगात मिश्रा की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए और एक – दूसरे पर लात – घूंसे बरसाने लगे। अपने सामने ये सब होता देखा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार बीचबचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी झुमाखटकी की गई। इस दौरान उनका कुर्ता भी फट गया। यही नहीं ढाबे में भी भारी तोड़फोड़ मचाई गई।

नोटिस जारी कर 24 घंटे में में मांगा था जवाब।

युवा मोर्चा के दो गुटों में हुई इस हाथापाई की गूंज बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं तक भी पहुंची। पार्टी विद डिफरेंस का दावा करने वाली बीजेपी की युवा इकाई के जिम्मेदार पदाधिकारियों की इस हरकत ने पार्टी अनुशासन की धज्जियां बिखेरकर रख दी। इसके चलते घटनाक्रम में शामिल पदाधिकारियों शुभेंद्र गौड़, नयन सोनी और सौगात मिश्रा को युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री के जरिए कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब तलब किया गया। पूरा घटनाक्रम युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार के सामने ही घटित हुआ था और उनके साथ भी अभद्रता की गई थी। अतः 24 घंटे की समय सीमा समाप्त होते ही उन्होंने मारपीट की घटना को गंभीर कदाचरण व अनुशासनहीनता मानते हुए इसके लिए जिम्मेदार प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ और विशेष आमंत्रित सदस्य नयन सोनी को उनके पदों से हटा दिया। इस आशय का लेटर भी जारी कर दिया गया है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *