व्यापारी को हनी ट्रैप में फंसाने वाली महिला का पति भी साजिश में था शामिल

  
Last Updated:  November 23, 2023 " 09:14 pm"

पुलिस ने गिरफ्तार कर भिजवाया जेल।

इंदौर : कारोबारी को प्रेमजाल में फंसाकर उससे लाखों रुपए ऐंठने के बाद उसपर दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करवाने वाली महिला का पति भी हनीट्रैप के इस षडयंत्र में शामिल था। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भिजवा दिया गया। व्यापारी को ब्लैकमेल करने वाली महिला को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था।

लसूडिय़ा पुलिस ने बताया कि जून 2023 में एक व्यापारी की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच में पता चला कि महिला के साथ उसका पति अजय राजूपत भी ब्लैकमेलिंग में शामिल था। इसपर उसे भी आरोपी बनाकर गिरफ्त में लिया गया और जेल पहुंचा दिया गया।

बताया जाता है कि आरोपी महिला ने फरियादी कारोबारी को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपए और ज्वेलरी ऐठ ली थी। व्यापारी ने महिला के कहने पर उसे रहने के लिए घर भी दिया था। आरोपी महिला घर उसके नाम करने के लिए व्यापारी पर दबाव बना रही थी। जब व्यापारी ने इस ब्लैकमेलिंग की शिकायत लसूडिय़ा पुलिस को की तो महिला ने भी व्यापारी के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज करवा कर उसे गिरफ्तार करवा दिया। व्यापारी के जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद महिला पुनः उसे ब्लैकमेल कर रुपयों की मांग करने लगी। इसके बाद व्यापारी ने लसूडिय़ा पुलिस को फिर से शिकायत की थी। करीब तीन माह तक चली जांच में पुलिस ने महिला पर व्यापारी द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए।इसके बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया। आरोपी महिला द्वारा व्यापारी से वसूले रुपए पति के खाते में ट्रांसफर किए जाने की बात भी जांच के दौरान उजागर हुई। महिला का पति खुद को सांसद प्रतिनिधि बताता था। यही नहीं आरोपी महिला से तलाक होने की उसकी बात भी झूठी साबित हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला के पति के खिलाफ भी शिकंजा कसा और उसे भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने का आदेश पारित किया गया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *