शिक्षा का उपयोग स्वयं के साथ देश और समाज की उन्नति के लिए भी करें – राज्यपाल श्री पटेल

  
Last Updated:  March 25, 2023 " 07:56 pm"

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह सम्पन्न।

इंदौर : राज्यपाल मंगू भाई पटेल का कहना है कि युवा अपने करियर निर्माण के साथ व्यापक सोच लेकर आगे बढ़े। वे अपने साथ समाज का करियर भी बनाएं। शिक्षा का उपयोग स्वयं की उन्नति के साथ समाज एवं देश की उन्नति के लिए भी करें। श्री पटेल ने युवाओं से कहा कि आपकी सोच का दायरा और आपकी जिम्मेदारी करियर से कहीं अधिक व्यापक होनी चाहिए, क्योंकि बेहतर इंसान बनना ही शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य है। श्री पटेल ने कहा कि जीवन में बड़ा बनना अच्छी बात है, लेकिन अच्छा होना और भी बड़ी बात है।
राज्यपाल श्री पटेल देवी अहिल्या विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दीक्षांत समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर अखिल भारतीय तकनीकि शिक्षा परिषद के चेयरमैन टी.जी.सीताराम, सांसद शंकर लालवानी, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कुलपति रेणु जैन भी उपस्थित थी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होकर प्रसन्नता का अनुभव हो रहा हैं। यह समारोह विद्यार्थियों, शिक्षकों और परिवारजन सभी के लिए खुशी का अवसर है। यह हमारे लिए अत्यन्त गौरव का विषय है कि इस विश्वविद्यालय का नाम लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर के नाम पर है, जिन्होंने लोक कल्याण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दैवत्व प्राप्त किया है। मैं उनका स्मरण कर नमन करता हूँ। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय तकनीकि शिक्षा परिषद के चेयरमैन टी.जी. सीताराम ने कहा कि आज के युग में अनुसंधान और अन्वेषण अत्यंत जरूरी है। देश के विश्वविद्यालय अनुसंधान और अन्वेषण पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वह अपनी शिक्षा में अनुसंधान और अन्वेषण पर विशेष ध्यान दें। श्री सीताराम ने कहा कि देश के प्रतिष्ठित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। यह विश्वविद्यालय अकादमिक क्षेत्र में नित्य नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि आने वाले समय में भारत पुनः विश्व गुरु का दर्जा हासिल करेगा। भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को राज्यपाल के हाथों डिग्रियां भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कुलपति रेणु जैन ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम का संचालन कुलसचिव अजय वर्मा ने किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *