मिस जैन इंदौर 2025 और मिसेज सावन सहित अन्य प्रतियोगिता आयोजित होगी।
इंदौर : जैन समाज का प्रमुख पर्व सुहाग दशमी 4 अगस्त को आ रहा है। इस उपलक्ष्य में 20 जुलाई को सकल दिगम्बर जैन समाज युवा वेलफ़ेयर सोसायटी, इंदौर और दिगंबर जैन सोशल ग्रुप एकता द्वारा सर्वसमाज का 1 दिवसीय ‘सावन मेला उत्सव’ रखा गया है।
यह जानकारी देते हुए अध्यक्ष प्रभा जैन, पूर्व अध्यक्ष सोनम जैन, सयोज़क ओशीन तलाटी, सोनाली जैन ओर पायल जैन ने बताया कि आयोजन के आयोजक पूर्व मंत्री पंडित योगेन्द्र महंत, संस्थापक राहुल सेठी हैं। सुहाग दशमी के दिन महिलाओं द्वारा पति की लंबी आयु के लिये निर्जल उपवास रखा जाता है। इसलिए सुहाग दशमी के उपलक्ष्य में महिलाओं और युवतियों का सावन मेला रखा है। मल्हारगंज मेन रोड स्थित मोदीजी की नसिया में ये सावन मेला लगेगा। मेले का शुभारम्भ 20 जुलाई को सुबह 11 बजे विभिन्न समाजों की प्रतिष्ठित महिलाओं द्वारा किया जाएगा। समापन रात 10 बजे होगा।
सावन मेला को ख़ास बनाने के लिए इस साल मिस जैन इंदौर 2025 प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें इंदौर दिगम्बर जैन समाज की 20 से अधिक युवतिया हिस्सा ले रही हैं। मार्गदर्शक पूजा कसलीवाल ख़ुशबू सेठी, कोषाध्यक्ष अंशु पाटनी ओर इति जैन ने बताया कि सुहागन महिलाओं के लिए मिसेज सावन 2025 प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। मेले में मुख्य आकर्षण का केंद्र युवतियों-महिलाओं के कुर्ते के साथ कोलकाता की ख्यात साड़ियाँ, राखियाँ, घर सजावट की सामग्री, इलेक्ट्रिक सामग्री, आयुर्वेदिक दवाई, सौंदर्य प्रसारण की सामग्री सहित अन्य स्टॉल रहेंगे। इसके साथ ही यहाँ पर फ़ूड जोन में लज़ीज़ व्यंजनों का भी मजा ले सकेंगे।
युवतियों-महिलाओं के लिए दिन भर प्रतियोगिताएं।
संस्थापक राहुल सेठी ओर मार्गदर्शक साधना दगड़े ने बताया कि मेले को सफल बनाने के लिए संरक्षक योगेन्द्र महंत के नेतृत्व में समिति की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि महिलाओं और बच्चों के लिए आकर्षक धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। प्रमुख रूप से सावन के गीतों पर आधारित संगीतमय तम्बोला खिलाया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्र कवि सम्मेलन, लक्की गेम, फेंसी ड्रेस प्रतियोगिता, फैशन शो सहित अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को आकर्षक गिफ़्ट हेम्पर दिए जायेंगे।








