सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी संघ की बैठक में चिकित्सा प्रतिपूर्ति भत्ते को लेकर दी गई उपयोगी जानकारी
Last Updated: October 17, 2023 " 01:28 am"
इंदौर : सेवा निवृत्त रेल्वे कर्मचारी संघ,इंदौर की मासिक बैठक हाल ही में आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में अध्यक्ष दीपक उपाध्याय द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया गया। संस्था के महामंत्री नरेन्द्र एदलाबादकर ने सभी सदस्यों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति भत्ते का दावा करने के बारे मे संपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने इसके लिए आवेदन किस तरह किया जाए और उसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सदस्यों के प्रश्नों के विस्तार से उत्तर भी दिए।
श्री एदलाबादकर ने बताया कि संस्था द्वारा दिसंबर माह में प्रकाशित होने वाली पत्रिका “अनमोल सफर” के लिए इच्छुक सदस्यों से उनके द्वारा लिखी कहानी, कविता व संस्मरण प्रकाशन हेतु शीघ्र भेजने का अनुरोध किया गया। इसी प्रकार संस्था के जिन सदस्यों का जन्मदिन सितंबर माह में था, उनका सम्मान करते हुए दीर्घायु होने की कामना की गई। जिन सदस्यों ने संस्था को रुपये 1000/- या इससे ज्यादा राशि सहयोग के रूप में प्रदान की, उनका भी सम्मान किया गया। संस्था के कोषाध्यक्ष हरी प्रसाद पाल द्वारा नए सदस्यों का परिचय करवाया गया।संस्था के सचिव श्रीकांत यादव ने आभार व्यक्त किया। अंत में संस्था के दिवंगत सदस्यों को दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।