दिल का दौरा पड़ा था, गुरुवार तड़के ली अंतिम सांस।
बॉलीवुड में छाया शोक।
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का गुरुवार तड़के निधन हो गया। उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था।वह 66 वर्ष के थे। फिल्मों में अभिनय के साथ सतीश कौशिक ने कई सुपरहिट फिल्मों का निर्देशन भी किया। मिस्टर इंडिया फिल्म में कैलेंडर के किरदार ने उन्हें खासी लोकप्रियता दिलाई। एक दिन पहले ही उन्होंने होली का पर्व धूमधाम से मनाया था और उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी की थी।
13 अप्रैल 1956 में हरियाणा के महेन्द्रगढ़ में सतीश कौशिक का जन्म हुआ था।दिल्ली में ग्रेजुएशन करने के बाद सतीश कौशिक ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन लिया था।1983 में प्रदर्शित ‘जाने भी दो यारों’ फिल्म से उनके एक्टिंग करियर की शुरुआत हुई थी। सतीश कौशिक ने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। साल 1993 में ‘रूप की रानी, चोरों का राजा’ से बतौर निर्देशक उन्होंने अपनी पारी शुरू की और इसके बाद एक दर्जन से अधिक फिल्मों का निर्देशन किया।
सबसे पहले अभिनेता अनुपम खेर ने सतीश कौशिक के निधन की जानकारी दी। खेर ने बताया कि कौशिक दिल्ली में अपने एक दोस्त के घर पर थे, जब उन्होंने बेचैनी होने की शिकायत की. खेर ने कहा, ‘‘बेचैनी महसूस होने के बाद कौशिक ने चालक से उन्हें अस्पताल ले जाने को कहा। देर रात करीब एक बजे उन्हें (अस्पताल जाते समय) रास्ते में ही दिल का दौरा पड़ा।” अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली डीडीयू अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद सतीश कौशिक का पार्थिव शरीर उनके परिवार को सौंप दिया गया।
सतीश कौशिक को 1990 में फिल्म ‘राम लखन’ और 1997 में फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का फिल्मफेयर अवार्ड मिला था।
सतीश कौशिक ने 7 मार्च को आखिरी ट्वीट किया था। होली पार्टी कर वह बेहद खुश थे।
बॉलीवुड में सतीश कौशिक के निधन की खबर मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। कई सितारों ने ट्वीट कर सतीश कौशिक के निधन पर दुःख जताते हुए इसे सिने जगत के लिए बड़ा वज्रपात बताया।