1 जून को भोपाल पहुंचेंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, सीएम शिवराज ने लिया तैयारियों का जायजा

  
Last Updated:  May 30, 2022 " 09:22 pm"

भोपाल : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, चार राज्यों के चुनावों में मिली सफलता के बाद पहली बार मध्यप्रदेश आ रहे है। प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए उत्साहित हैं और तैयारियों में जुटे हैं। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने श्री नड्डा के दौरे के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेने के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान कही।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार को स्टेट हैंगर, मोतीलाल नेहरू स्टेडियम और लाल परेड ग्राउंड पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने उस रास्ते का निरीक्षण भी किया, जिससे होकर राष्ट्रीय श्री नड्डा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, भोपाल जिला प्रभारी महेन्द्र यादव, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, जिला महामंत्री रविन्द्र यति सहित प्रदेश के जिला पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

निकाय चुनाव के समय मिलेगा राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन।

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हमारे मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्त्रोत हैं, जिनके स्वागत के लिए हम पूरे उत्साह और उमंग के साथ जुटे हैं। हमारा सौभाग्य है कि जब प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव का शंख फूंका जा चुका है, तब राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मार्गदर्शन हमें मिल रहा है। भोपाल में पार्टी के कार्यकर्ता पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत करेंगे। सीएम चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा भोपाल में कार्यकर्ता सम्मेलन, प्रदेश कार्यसमिति बैठक और कैबिनेट बैठक को संबोधित करेंगे। स्टेट हेंगर पर ही उनकी भव्य अगवानी की जाएगी, जिसके बाद वह पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे।

मप्र के राजनीतिक परिदृश्य पर लाएंगे प्रस्ताव।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश पधार रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष 1 जून को भोपाल एवं 2-3 जून को जबलपुर में रहेंगे। इस दौरान वे भोपाल में वृहद कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य पर एक प्रस्ताव लाया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष, बूथ एवं मंडल की बैठकों में शामिल होने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चार राज्यों में विजय पताका फहराने के बाद पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन मध्यप्रदेश में हो रहा है, इसलिए कार्यकर्ताओं में उनके स्वागत के लिए जबरदस्त उत्साह है।

कविता पाटीदार के चयन के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद।

वीडी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा में यह संकल्प पारित किया था कि चुनाव होंगे तो ओबीसी आरक्षण के साथ होंगे। कांग्रेस ने फिर छल-कपट किया और कोर्ट में जाकर हर तरह से व्यवधान डाला। लेकिन हमें हमारे संगठन, सरकार और मुख्यमंत्री पर गर्व है कि न्यायालय ने ओबीसी आरक्षण के साथ चुनाव कराने का निर्णय दिया और हमारा यह संकल्प पूरा हुआ। श्री शर्मा ने कहा कि ‘सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र पर हमारी सरकार काम कर रही हैं। मध्यप्रदेश में जब राज्यसभा उम्मीदवार के नामांकन की बात आई तो ओबीसी वर्ग की वरिष्ठ नेत्री बहन कविता पाटीदार को अवसर देकर केंद्रीय नेतृत्व ने ऐतिहासिक काम किया है। इसके लिए मैं पार्टी नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *