10 करोड़ से अधिक की लागत से होगा परशुराम लोक का निर्माण

  
Last Updated:  May 30, 2023 " 08:38 pm"

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भूमिपूजन कर किया निर्माण कार्य का शुभारंभ।

जानापाव की पहाड़ी पर पहुँचेगा नर्मदा का जल, रोपवे भी लगेगा – मुख्यमंत्री चौहान ने की घोषणा।

इन्दौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव में परशुराम लोक के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने जानापाव की पहाड़ी तक नर्मदा जल लाने तथा रोपवे लगाने की भी घोषणा की।

10 करोड़ 32 लाख की लगती बनेगा परशुराम लोक।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जानापाव में 10 करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से परशुराम लोक का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह तीर्थस्थल सर्व सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। सभी श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद वी.डी. शर्मा, युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, सांसद कविता पाटीदार और छतर सिंह दरबार,विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक राजेश सोनकर, इंदौर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला,महंत भालेश्वर महाराज और योगेश्वर सहित अन्य साधु-संत, जनप्रतिनिधिगण विशेष रुप से उपस्थित थे।

देश संविधान से चलता है पर धर्म उसका आधार होता है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान परशुराम की जन्मस्थली और अनेक नदियों की उद्गम स्थली जानापाव पहुंचकर भगवान परशुराम के नवनिर्मित मंदिर में पूजा – अर्चना की व पवित्र जल कुण्ड के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि पिछले अप्रैल माह में जब वे यहां आए थे तो यहाँ पर परशुराम लोक बनाए जाने की घोषणा की थी। लगभग एक माह की अवधि में प्रदेश की सरकार ने इस घोषणा पर अमल प्रारंभ कर दिया है। विभिन्न निर्माण कार्यों के लिये स्वीकृति देकर आज भूमिपूजन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलता है, लेकिन धर्म उसका आधार होता है। प्राचीन काल में भी शासक वर्ग पनघट, मंदिर, धर्मशाला एवं सार्वजनिक प्रयोजन के निर्माण कराते थे। मध्यप्रदेश की सरकार भी विकास के विभिन्न कार्यों के साथ-साथ विभिन्न धर्मस्थलों का विकास भी करा रही है। उन्होंने कहा की जनता के विकास और सुविधाओं के लिए योजना भी बने और ऐसे पावन लोक भी बनें। प्रदेश सरकार इसके लिए सचेष्ट होकर प्रयास कर रही है।

पहाड़ी पर पहुंचाएंगे नर्मदा का जल।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इतनी ऊँची पहाड़ी पर माँ नर्मदा का जल लाना एक कठिन कार्य है, लेकिन विभिन्न चरणों में पंपिंग के द्वारा यहाँ नर्मदा का जल लाया जाएगा।

जानापाव में होगा अखंड कीर्तन।

क्षेत्रीय विधायक एवं संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह पावन स्थली श्रद्धालुओं के लिए अनेक सुविधाओं से युक्त हो गयी है। परशुराम लोक निर्माण के लिए भूमिपूजन हुआ है। वहीं ढाई करोड़ रूपये की लागत से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया है। मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि भगवान परशुराम के फरसे से ही देवभूमि केरल का निर्माण हुआ था। भगवान परशुराम न केवल हमारे आराध्य हैं बल्कि वे भारत की सांस्कृतिक एकता के आधार भी हैं। मंत्री ठाकुर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महू क्षेत्र के 90 ग्रामों ने एक अनोखी पहल की है। इन ग्रामों के ग्रामीणों द्वारा जानापाव में अखंड शिव कीर्तन प्रारंभ किया जाएगा। एक दिन में तीन गांवों की टोलियां यहां आकर निरंतर संकीर्तन करेंगी। यह 24 घंटे लगातार होगा। इससे यहां जानापाव की तपोभूमि और भी अधिक ऊर्जित होगी।

सीएम शिवराज के संकल्प का परिणाम है जानापाव का विकास।

सांसद वी.डी. शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज गौरव का दिन है कि जानापाव में भगवान परशुराम की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। जानापाव को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस भूमि से धर्म और अध्यात्म का भाव पैदा होता है। देशभक्ति की प्रेरणा भी यहां से मिलती है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम लोक विकसित करना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *