15 से 18 वर्ष तक के बच्चों का शुरू हुआ टीकाकरण, इंदौर में पहले दिन 52 हजार बच्चों ने लगवाया टीका

  
Last Updated:  January 4, 2022 " 01:00 am"

इंदौर : इंदौर जिले में सोमवार से उमंग और उत्साह के साथ मिशन 15-18 प्रारंभ हुआ। इस मिशन के तहत 15 से 18 साल के किशोर उम्र बच्चों को वैक्सीन लगाने की शुरुआत की गई। बच्चों में वैक्सीन के प्रति खासा उत्साह देखा गया। पहले दिन 52 हजार से अधिक बच्चों ने टीकाकरण केन्द्र पहुंचकर अपनी तथा दूसरों की जीवन की सुरक्षा के लिए टीका लगवाया। सुबह से ही टीकाकरण केन्द्रों पर भारी उत्साह देखा गया। टीकाकरण केन्द्रों को बच्चों के स्वागत के लिये विशेष रूप से सजाया- संवारा गया था।
कलेक्टर मनीष सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों से सतत सम्पर्क में रहकर अभियान की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। आवश्यकता के अनुसार उन्होंने व्यवस्था में सुधार भी करवाए। जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी टीकाकरण केन्द्रों का निरीक्षण कर बच्चों का हौंसला बढ़ाया।

विधायक मालिनी गौड़ बच्चों के बीच पहुंची।

विधायक मालिनी गौड़ ने मालव कन्या विद्यालय सहित अन्य टीकाकरण केन्द्रों का निरीक्षण किया। वे बच्चों से मिली और उनकी हौसला- अफजाई करते हुए टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। इसी तरह अन्य जनप्रतिनिधि भी टीकाकरण केन्द्रों पर पहुंचे। जिले में आगामी 10 जनवरी तक यह अभियान चलेगा। जिले में लगभग दो लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य है।

52 हजार बच्चों ने लगवाए टीके।

सुबह 9 बजे से स्कूलों में टीकाकरण शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चलता रहा। शाम पांच बजे तक लगभग 52 हजार बच्चों ने टीके लगवाए। कई बच्चों ने ऑनलाइन तो अनेक बच्चों ने केन्द्र पर पहुंचकर ऑफलाइन पंजीयन के माध्यम से टीकाकरण करवाया। केन्द्रों पर बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।

विशेष तौर पर सजाए गए टीकाकरण केंद्र।

इंदौर के अहिल्या आश्रम में बने टीकाकरण केन्द्र को विशेष रूप से सजाया और संवारा गया था। सुबह से ही इस केन्द्र पर भीड़ दिखायी दी। यहाँ सबसे पहले टीकाकरण कराने के लिए अर्पिता शर्मा पहुंची। अर्पिता का कहना था कि मुझे आज बहुत अच्छा लग रहा है कि शासन ने हमें टीका लगवाया। अब हम बच्चे भी टीकाकरण के कारण सुरक्षित हो गए हैं। खुद तो सुरक्षित रहेंगे ही, साथ ही दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रहेगा। टीकाकरण कोरोना से बचाव का सबसे कारगर माध्यम है। इसी तरह टीकाकरण करवाने आयी महक ठाकरे, मानसी मिश्रा, अर्पिता, रश्मि आदि भी बेहद खुश थी। उन्होंने टीकाकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *