इंदौर : कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या इंदौर में निरंतर कम हो रही है। रिकवरी रेट बेहतर हो रहा है। संक्रमण की स्थिति में लगातार सुधार को देखते हुए लॉकडाउन के पश्चात आर्थिक गतिविधियों को पुन: शुरू किया गया है। जिले में स्थिति नियंत्रण में है।इंदौर सामान्य स्थिति की ओर अग्रसर हो रहा है। कलेक्टर मनीष सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे सावधानी और सतर्कता रखते हुए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। मॉस्क सही ढंग से लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। सेनेटाइजर का उपयोग करें और टीकाकरण जरूर करवाएं।
कलेक्टर ने कहा कि अभी कोरोना वायरस मौजूद है, यह खत्म नहीं हुआ है। ऐसे वक्त में अपने साथ ही परिवार तथा समाज जन की सुरक्षा के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करे। भीड़ भरे क्षेत्रों में जाने से बचें।
50 फ़ीसदी का हो चुका है टीकाकरण।
कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि इंदौर जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 50 प्रतिशत लोगों को टीके लगाये जा चुके हैं। यह देखा गया है कि जिन्होंने पूर्व में टीका लगवाया है, वह सुरक्षित रहें हैं। टीका लगवाने के पश्चात अगर कुछ लोगों को कोरोना हुआ भी तो वह गंभीर नहीं हुए। सामान्य लक्षण के बाद वह ठीक हो गए। टीका लगवाना बेहद जरुरी है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण अभियान को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। यह शहर जागरुक नागरिकों का शहर है। यहाँ जिस तरह स्वच्छता में नम्बर वन बनाने के लिये नागरिकों का सहयोग मिला, उसी तरह का उत्साहपूर्ण सहयोग टीकाकरण अभियान को भी मिल रहा है। यह अभियान जन आन्दोलन बन रहा है। हमारा प्रयास है कि शीघ्र ही 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों का टीकाकरण हो जाए। इस दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।