21 जून से चलेगा महाअभियान, पहले दिन 2 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य

  
Last Updated:  June 18, 2021 " 06:47 pm"

इंदौर : राज्य शासन द्वारा 21 जून 2021 (योग दिवस) से कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान के दौरान प्रत्येक जिले के ब्लॉक/ग्राम/वार्ड स्तर के आपदा प्रबंधन समूहों के सक्रिय सहयोग से 18 से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को कोविड-19 टीके का प्रथम डोज तथा ड्यू नागरिकों को द्वितीय डोज दिया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर मनीष सिंह के निर्देशन में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।

पहले दिन 2 लाख लोगों का होगा टीकाकरण।

कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान के पहले दिन 21 जून 2021 को इंदौर में दो लाख लाख नागरिकों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 21 जून को प्रारंभ होने के बाद यह महाअभियान निरंतर चलता रहेगा। इसके के लिए पांच सौ से अधिक टीकाकरण केन्द्र बनाए जा रहे हैं।

टीकाकरण महाअभियान की व्यापक तैयारियाँ।

इंदौर जिले को दिए गए लक्ष्य के अनुसार टीकाकरण केन्द्रों तथा सत्रों का निर्धारण किया जा रहा है। टीकाकरण केन्द्र के भवन में सोशल डिस्टेसिंग के पालन तथा टीकाकरण के बाद आधे घण्टे की प्रतीक्षा हेतु पृथक स्थान की व्यवस्था की जा रही है।
कलेक्टर मनीष सिंह ने निर्देश दिए हैं कि टीकाकरण केन्द्र स्थल पर समुचित साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यथासंभव स्वल्पाहार की व्यवस्था स्थानीय नगरीय निकाय अथवा ग्राम पंचायत, जन समुदाय के सहयोग से की जाए। टीकाकरण केन्द्र स्थल पर रंगोली, गुब्बारे आदि के माध्यम से उत्सवी वातावरण निर्मित किया जाए, ताकि टीकाकरण हेतु आने वाले समस्त नागरिकों को सुखद अनुभव प्राप्त हो सकें। उन्होंने निर्देशित किया है कि आवश्यकतानुसार बुजुर्ग नागरिकों एवं दिव्यांगों को टीकाकरण केन्द्र पर लाने हेतु वाहन की भी यथासंभव व्यवस्था की जाए।

प्रत्येक टीकाकरण केन्द्र के लिए रहेंगे प्रेरक।

प्रत्येक टीकाकरण केन्द्र पर समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों द्वारा वैक्सीन उत्प्रेरक के रूप में प्रातः 10 बजे टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
जिले के समस्त टीकाकरण केन्द्रों के लिये वैक्सीन प्रेरको का चयन किया जा रहा है। मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, शासकीय निगम/मण्डलों के अध्यक्ष भी टीकाकरण प्रेरक के रूप में इस महाअभियान में भाग लेगें। इसके अलावा जिले के अन्य प्रबुद्ध नागरिक जिनमें पद्मभूषण, पद्मश्रीअंलकृत व्यक्ति, मूर्धन्य साहित्यकार, सेलेब्रिटीज, स्वंयसेवी संस्थाओं के सक्रिय लीडर, धर्मगुरु, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रमुख व्यक्ति, स्वंयसेवी संस्थाओं, सामाजिक क्लबों के प्रमुख, शिक्षाविद, मीडिया जगत के प्रबुद्ध जन, जिला जनपद एवं ग्राम स्तरीय आपदा प्रबंधन समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, योगगुरु, वर्तमान एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी आदि वैक्सीन उत्प्रेरक रहेंगे। उन्हें उनके निर्धारित वैक्सीनेशन केन्द्रों पर प्रातः 10 बजे शुभांरभ हेतु विधिवत जिला प्रशासन द्वारा आमंत्रित किया जाएगा।

गीत के माध्यम से दिया जाएगा टीकाकरण का संदेश।

टीकाकरण महाअभियान के लिए प्ररेक गीत तैयार किया गया है इस गीत को समस्त रेडियो चैनल (आकाशवाणी एवं एफ. एम. आदि), लोकल टीवी चैनल तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक प्रसारित कर जनता तक पहुंचाया जाएगा।

टीकाकरण केन्द्र पर वैक्सीन लगाने आने वाले प्रत्येक नागरिक को एक शपथ वाचन कराया जाएगा ताकि वह भी कोविड-19 टीकाकरण के उत्प्ररेक के रूप में समाज में जागृति फैला सकें।

पर्यवेक्षण।

टीकाकरण महाअभियान के पहले दिन की समस्त गतिविधियों के पर्यवेक्षण की समुचित व्यवस्था की गयी है। जिला स्तर पर एक कन्ट्रोल रूम की स्थापना की जा रही है। प्रत्येक चार से पाँच टीकाकरण केन्द्रों पर एक वाहनयुक्त जोनल अधिकारी नियुक्त किया जा रहा है। उक्त अधिकारी टीकाकरण महाअभियान की समस्त गतिविधियों का पर्यवेक्षण अपने प्रभार के केन्द्रों पर निरंतर भ्रमण कर करेंगे। पर्यवेक्षण हेतु नियुक्त जोनल अधिकारी निरंतर जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम के संपर्क में रहेंगे एवं प्रत्येक घंटे पर रिपोर्ट देंगे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *