7 से 30 मार्च तक मनाया जाएगा साई महोत्सव

  
Last Updated:  March 6, 2023 " 12:04 pm"

28 मार्च तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निकलेंगी प्रभात फेरियां।

30 मार्च को बड़ा गणपति से निकलेगी भव्य साई पालकी यात्रा।

इंदौर : श्री केंद्रीय साई सेवा समिति धार्मिक एवम मानव सेवा ट्रस्ट, इंदौर द्वारा श्री साई बाबा रामनवमी महोत्सव 7 मार्च से 30 मार्च 2023 तक मनाया जाएगा। इसके तहत प्रभात फेरियां, भजन – कीर्तन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 30 मार्च को रामनवमी के अवसर पर साई बाबा की पालकी यात्रा धूमधाम से निकलेगी जो विभिन्न मार्गों से होते हुए साई मंदिर छत्रीबाग पहुंचकर समाप्त होगी।

ये जानकारी केंद्रीय साई सेवा समिति के पदाधिकारी विनीता पाठक, गौतम पाठक और हरि अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि साई महोत्सव के तहत शहर के विभिन्न स्थानों से प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। ये सिलसिला 7 मार्च से प्रारंभ होकर 28 मार्च तक चलेगा। इस दौरान साई भक्त भक्ति भाव के साथ भजन गाते हुए चलेंगे। इसके अलावा भजन – कीर्तन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

30 मार्च को निकलेगी भव्य पालकी यात्रा।

पदाधिकारियों ने बताया कि 30 मार्च को रामनवमी के अवसर पर भव्य साई पालकी यात्रा का आयोजन होगा। बड़ा गणपति से प्रारंभ होकर ये यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए छत्रीबाग स्थित साई मंदिर पहुंचकर समाप्त होगी। पालकी यात्रा में भजन कीर्तन मंडलियां माहौल में भक्ति का अलख जगाते हुए चलेंगी। धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जगह – जगह मंच लगाकर पालकी यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।

स्वच्छता का रखा जाएगा विशेष ध्यान।

आयोजकों ने बताया कि पालकी यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। हमारा शहर इंदौर स्वच्छता में लगातार छह साल से नंबर वन है। शहर की इस साख पर कोई दाग नहीं लगने दिया जाएगा। पालकी यात्रा के पहले और बाद में साई भक्त यात्रा मार्ग की सफाई करते हुए चलेंगे।

बैठक आहूत कर बनाई गई रूपरेखा।

साई महोत्सव की तैयारियों को लेकर अभिनव कला समाज के सभागार में रविवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वश्री अण्णा महाराज, दादू महाराज और अमृतफले महाराज सहित कई संत महात्माओं, साई सेवा समिति के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में साई भक्तों ने भाग लिया। इस दौरान साई महोत्सव की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के साथ प्रभात फेरियों को लेकर जिम्मेदारियां भी सौंपी गाई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *