आनेवाली पीढ़ी के लिए संरक्षित करें पर्यावरण- सिलावट
Last Updated: June 5, 2021 " 10:47 pm"
इंदौर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को जल संसाधन एवं इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने पालदा क्षेत्र स्थित विद्या चिल्ड्रन एकेडमी के परिसर में पौधारोपण किया। इस उपलक्ष्य पर मंत्री सिलावट ने कहा कि हमें आने वाली पीढ़ी के लिये न केवल पर्यावरण को संरक्षित करना है, बल्कि उन्हें प्रकृति के महत्व के बारे में भी जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि धरती सिर्फ मनुष्य मात्र की नहीं है, यह जीव जन्तु और पशु पक्षियों के लिये भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसका संरक्षण हम सबका कर्तव्य है। पौधारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। मानव समाज के हित के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण करना चाहिये। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे पेड़ों की सुरक्षा कर प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन में अपना योगदान दें।
वैक्सीन लगवाने आए व्यक्तियों को भेंट किए तुलसी के पौधे।
प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने जिला प्रशासन के सहयोग से ब्राम्हण सेवा संगठन द्वारा स्थापित कोविड टीकाकरण केन्द्र का शुभारंभ किया। उन्होंने केन्द्र पर मरीजों की सुविधा हेतु उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मंत्री सिलावट ने कोरोना का टीका लगवाने आए लोगों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें कोरोना अनुकूल व्यवहार को अपनाने की समझाइश भी दी। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस उपलक्ष्य में केन्द्र पर टीका लगवाने आए व्यक्तियों को तुलसी के पौधे भी वितरित किए।