लताजी की सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी- पीएम मोदी

  
Last Updated:  February 6, 2022 " 05:19 pm"

मुम्बई : लता मंगेशकर सदी की वो महान गायिका थीं, जिन्होनें कई पीढ़ियों को अपनी आवाज के मोहपाश में जकड़े रखा। उनकी आवाज में ऐसी कशिश थी, छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई उनके गीतों को सुनकर और गुनगुनाकर आनंदित महसूस करता था। उनके जाने से हर व्यक्ति खुद को दुःखी महसूस कर रहा है। तमाम दिग्गज हस्तियों ने लता दीदी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लता दीदी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा ‘मेरा दुख शब्दों से परे है. दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गईं। लता दीदी के कंठ से मां सरस्वती का आशीर्वाद मिलता था। उनके चाहने वाले दुनिया में हर जगह मिलेंगे। लता दीदी ने भारत के संगीत को स्वर दिया था। वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है जिसे भरा नहीं जा सकता. आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी।’

कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लता जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि हर संगीत प्रेमी के हृदय में निवास करने वाली स्वर कोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन हृदय विदारक है।यह संपूर्ण कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दें। लता दीदी के परिजनों और विश्वभर में फैले करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ॐ शांति

लाखों सदियों की आवाज हमें छोड़ गई।

अभिनय के शहंशाह अमिताभ बच्चन लता दीदी के निवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा ‘लाखों सदियों की आवाज हमें छोड़ गई है.. उनकी आवाज अब स्वर्ग में गूंजती है! शांति और शांति के लिए प्रार्थना..”। अमिताभ बच्चन और लता मंगेशकर ने हाल ही में स्वतंत्रता दिवस के लिए देशभक्ति गीत ‘हम हिंदुस्तानी’ में एक साथ काम किया था।

लताजी जैसा गाने वाला न हुआ है, न होगा।

संगीतकार एआर रहमान ने लता जी को याद करते हुए कहा कि “उनके साथ मेरा पहला गाना ‘जिया जले था..’। उनके पास होना भी किसी सपने जैसा होता है। मुझे जहां तक पता है मेरे पिताजी के पास युवा लता मंगेशकर की एक फोटो थी। इस फोटो को वह रोज सुबह उठकर देखते थे। संगीत की प्रेरणा के लिए। किसी भी तरह के गायन का वह शिखर रही हैं। लताजी जैसा गाने वाला ना कोई हुआ है और न होगा। अभी हम लोगों को क्या क्या नहीं करना पड़ता। ड्रेस बदलो, मेकअप करो, म्यूजिक वीडियो शूट करो, यहां स्टेज पर उछलकूद करो, वहां नाचो। लेकिन, उन्होंने क्या किया, कुछ नहीं। सिर्फ संगीत की साधना की। पूरा जीवन उन्होंने संगीत को दे दिया। विश्व में संगीत की प्रेरणा मानी जाती हैं वह। एक तरह से देखा जाए तो लता मंगेशकर के साथ काम करके मैंने अपने पिताजी का सपना पूरा किया।”

मेरी आवाज ही पहचान है।

लता मंगेशकर के देहांत की खबर सुनने के तुरंत बाद अक्षय कुमार ने ट्विटर पर उनकी मधुर आवाज को याद करते हुए उनके एक बेहद मशहूर गीत, ‘मेरी आवाज ही पहचान है, गर याद रहे..’ की पंक्तियों को दोहराया।

रणवीर सिंह ने जताया दुःख।

बाजीराव मस्तानी, पद्मावत सहित कई हिट फिल्मों के अभिनेता, रणवीर सिंह ने भी इंस्टाग्राम पर लता मंगेशकर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए कैप्शन में एक टूटा हुआ दिल पोस्ट किया है। इसके जरिए उन्होंने अपने दुःख को व्यक्त करते हुए लता दीदी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

लताजी की आवाज कई पीढ़ियों तक गूंजती रहेगी।

अभिनेता शाहिद कपूर ने ट्विटर पर स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ‘वो एक ऐसी दिग्गज कलाकार हैं जिनकी कला के वर्णन में शब्द कम पड़ जाएंगे। शाहिद ने कहा कि लताजी की आवाज दुनिया भर में आने वाली कई पीढ़ियों के मन में गूंजती रहेंगी।

लता दीदी की आवाज देश की सबसे खूबसूरत आवाज थी।

अभिनेत्री कंगना रनौत ने कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कहा कि ‘वो कभी लता मंगेशकर से मिली तो नहीं हैं लेकिन आज इस दुखद समाचार को सुनकर वो अपने आंसुओं को रोक नहीं पा रही हैं।उन्होंने कहा है कि लता जी की आवाज देश की सबसे खूबसूरत आवाज थी। अब उनके जैसा न कोई है और न होगा। कंगना ने उनकी आत्मा की शांति की कामना की।

लताजी की आवाज देश की आवाज रहेगी।

अभिनेत्री दिया मिर्जा ने भी ट्वीट करके अपने दुख को बयान किया। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा ‘लता मंगेशकर जी की आवाज हमेशा देश की आवाज रहेगी. वो हमारी भारत रत्न हैं। हमारे देश की स्वर कोकिला हैं, भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *