पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर।
इंदौर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिचौली हप्सी स्थित सिटी फारेस्ट में सघन पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी और पूर्व सांसद व पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर सहायक वनसंरक्षक, सामाजिक वानिकी धीरेन्द्र प्रताप सिंह, 6 पीएम समूह के सीएमडी संजय लुणावत, दत्त माउली संस्थान के उदय मजूमदार और इंडिया सीकिंग जस्टिस फोरम के सीईओ राजेन्द्र शर्मा ‘राजू’ भी विशेष रूप से मौजूद थे।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी और मोघे सहित अन्य अतिथियों ने पौधे रोपे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने कहा कि क्लाइमेट चेंज से अनेक चुनौतियां हमारे सामने आ रही हैं।ऐसे समय में पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखना बेहद जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग के रोकथाम के प्रावधानों का भी पालन करना होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोघे ने कहा कि पर्यावरण असंतुलित हो रहा है। इसके अनेक दुष्परिणाम और संकट हमारे सामने आ रहे हैं। आज जरूरत है कि हम सब मिलकर पर्यावरण सुधार और उसे संतुलित करने के लिए समन्वित प्रयास करें। कार्यक्रम में मंगलाचरण कर प्रकृति का वंदन किया गया। कार्यक्रम में आए अतिथियों ने वृहद पौधरोपण किया। सहायक वनसंरक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर चलाए जा रहे मिशन लाइफ अभियान के संबंध में शपथ दिलायी।