संसद में महिला आरक्षण बिल पारित होने पर बीजेपी महिला मोर्चा ने मनाया जश्न
Last Updated: September 22, 2023 " 08:54 pm"
महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देकर आभार व्यक्त किया।
ढोलक की थाप पर नृत्य के साथ की गई जोरदार आतिशबाजी।
इंदौर : संसद के दोनों सदनों में महिला आरक्षण बिल पारित होने पर जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे की मौजूदगी में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए ढोलक की थाप पर जमकर नृत्य किया और एक दूसरे को लड्डू खिलाए। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा कि ये ऐतिहासिक दिन है। कई वर्षों से हम देख रहे थे कि सभी राजनीतिक दल केवल इस बिल को लेकर चर्चा करते थे लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने इसे पारित करके दिखाया । यह दर्शाता है कि बीजेपी जो कहती है, वो करती है। इस निर्णय के फल स्वरुप आने वाले समय में मातृशक्ति को विधानसभा एवं लोकसभा में पूरा प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।
महिला आरक्षण बिल पारित होने पर मनाए गए जश्न में मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, नगर महामंत्री एवं महिला मोर्चा प्रभारी सविता अखंड, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा, अंजु माखीजा, ज्योति पंडित, अनीता व्यास, श्रेष्ठा जोशी सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रही।