सागर : लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सागर जिले के शाहपुर में रविवार सुबह एक दीवार के भरभराकर गिर जाने से करीब 09 बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई और कई बच्चे घायल हो गए। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तत्काल मलबा हटाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर दुःख जताते हुए जिला प्रशासन को घायल बच्चों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। मृतक बच्चों के परिजनों को मुआवजे का भी ऐलान किया गया है।
जर्जर मकान की थी कच्ची दीवार।
मिली जानकारी के मुताबिक सागर में बीते कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। श्रावण माह के चलते हरदौल मंदिर में शिवलिंग निर्माण एवं भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। सावन के महीने में यहां प्रतिदिन शिवलिंग बनाए जा रहे हैं। रविवार को भी शिवलिंग बनाने का काम चल रहा था। अवकाश होने से शिवलिंग बनाने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे भी पहुंचे थे। मंदिर परिसर के आस ही एक जर्जर मकान है जिसको लेकर दो भाइयों के बीच न्यायालय में केस चल रहा है। बारिश के कारण इस मकान की बाहरी कच्ची दीवार भराभरा कर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में वहां खड़े बच्चे आ गए।इस घटना से चीख पुकार मच गई। मौजूद लोगों ने तत्काल ही दीवार के मलबे को हटाना शुरू किया। सूचना मिलने पर स्थानीय जिला व पुलिस प्रशासन का अमला भी मौके पर पहुंचा। दीवार के मलबे में दबे बच्चों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, हालांकि तब तक 09 बच्चे दम तोड चुके थे। घायल बच्चों का इलाज किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुःख, मुआवजे का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतिवृष्टि के कारण जर्जर मकान की दीवार गिरने से 09 मासूम बच्चों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने घायल बच्चों के समुचित इलाज के निर्देश जिला प्रशासन को दिए।
मुख्यमंत्री यादव ने हादसे में दिवंगत बच्चों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की ओर से 04 लाख रुपए की सहायता राशि का भी ऐलान किया।