कांग्रेस ने धरना – प्रदर्शन के साथ राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर की मांग।
इंदौर : मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा जनता को भिखारी कह कर अपमानित करने वाले बयान के विरोध में इंदौर शहर कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस द्वारा कलेक्टर चौराहा पर धरना – प्रदर्शन किया गया। बाद में प्रहलाद सिंह पटेल को बर्खास्त करने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम एडीएम शिवशंकर जारोलिया को ज्ञापन सौंपा गया।
धरना प्रदर्शन में तमाम कांग्रेसी नेताओं ने प्रहलाद सिंह पटेल को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि ₹1200 महीने देकर प्रदेश के मंत्री जिस तरह से जनता को अपमानित कर रहे हैं यह जनता को सोचने का विषय है। पूर्व विधायक अश्विन जोशी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आज भी बहुत उत्साह है। कांग्रेस का भले ही समय खराब चल रहा हो लेकिन कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी नहीं है। हमें एक साथ मिलकर भाजपा का विरोध करना चाहिए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि बीजेपी के शासनकाल में भ्रष्टाचार इतनी चरम सीमा पर पहुंच चुका है कि बिना रिश्वत के किसी विभाग में कोई काम नहीं होता।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने प्रदेश की जनता को अपमानित करने पर प्रहलाद सिंह पटेल को शीघ्र बर्खास्त करने की मांग की।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि वृद्धा पेंशन पिछले 6 माह से नहीं मिल रही है। उसकी कागजों की अनिवार्यता भी ज्यादा कर दी गई है। जिसके कारण जरूरतमंदों उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसको लेकर कांग्रेस पार्टी एक बड़ा प्रदर्शन कर नगर निगम का घेराव कर करेगी।
धरना प्रदर्शन का संचालन संगठन मंत्री महेंद्र जोशी ने किया। आभार जौहर मानपुरवाला ने माना।