मरने वालों में मेडिकल हॉस्टल के छात्र भी शामिल।
गिरते समय हॉस्टल की बिल्डिंग से टकराया था हवाई जहाज।
अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान AI-171 गुरुवार को टेक-ऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया। विमान गिरते ही आग के गोले में तब्दील हो गया था। इस हादसे में मरनेवालों की संख्या बढ़कर 265 हो गई है। इस फ्लाइट में सवार 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स समेत कुल 242 लोग सवार थे। इनमें से 241 मारे गए, जबकि एक यात्री की चमत्कारिक रूप से जान बच गई। शेष मृतक उस मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के छात्र हैं, जिससे विमान गिरने के दौरान टकराया था। उस समय हॉस्टल के छात्र मेस में भोजन कर रहे थे। यात्रियों के अलावा 20 से अधिक छात्र भी इस हादसे में अपनी जान गंवा बैठे।
बताया जाता है कि विमान में 01 लाख 26 हजार लीटर ईंधन भरा हुआ था। इसके चलते क्रैश होते ही इसमें भीषण आग लग गई और किसी को बचा पाना असम्भव हो गया। दुर्घटना स्थल पर चारों ओर विमान का मलबा और यात्रियों के शव बिखर गए थे। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस व प्रशासन के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना और अर्द्धसैनिक बलों को भी लगाया गया था।
265 लोगों की मौत।
अहमदाबाद पुलिस के अनुसार विमान हादसे के बाद सिविल अस्पताल में 265 शव लाए गए। मरने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और हॉस्टल में रहने वाले छात्र भी शामिल हैं।
विमान हादसे में बचा एक यात्री, इलाज जारी
प्लेन क्रैश में एक यात्री की जान बच गई। यात्री का नाम रमेश विश्वास है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है। रमेश विश्वास ने कहा कि हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ, चारों तरफ आग की लपटें थीं। मुझे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाया गया। भरोसा नहीं हो रहा कि मैं जीवित हूं, ये किसी करिश्मे से कम नहीं है।