इंदौर : अल्पवर्षा से जूझ रहे इंदौर में सोमवार को हुई लगभग पौन इंच बारिश राहत का सबब बनकर आई। हालांकि कई जगह जलजमाव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी लेकिन लोग बारिश होने से ज्यादा खुश थे। मंगलवार को भी रुक रुक कर बारिश होती रही लेकिन उसमें वो तेजी नहीं थी जो सोमवार को हुई झमाझम में नजर आई थी। मिली जानकारी के मुताबिक इंदौर जिलें अभी तक औसत साढ़े सात इंच बारिश हुई है, जो इसी अवधि में बीते वर्ष हुई वर्षा के मुकाबले 05 इंच कम है।
मौसम विभाग में दर्ज आंकड़ों के अनुसार इंदौर जिले में मंगलवार सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए बीते 24 घंटें में सर्वाधिक वर्षा 20.3 मिलीमीटर सांवेर में दर्ज की गई। इसके अलावा इंदौर में 19 मिलीमीटर और देपालपुर क्षेत्र में 14.8 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसे मिलाकर जिले में जारी मानसून सत्र में अभी तक 192.9 मिलीमीटर (साढ़े 7 इंच से अधिक) औसत वर्षा हो चुकी है। गत वर्ष इस अवधि में जिले में 311.7 मिलीमीटर (सवा 12 इंच से अधिक) औसत वर्षा हुई थी।







