तीन आरोपी गिरफ्तार, दस लाख रुपए कीमत के 13 चोरी के वाहन बरामद।
इन्दौर : इंदौर व उज्जैन शहर के अलग अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर वाहन चोर गिरोह, पुलिस थाना बाणगंगा की गिरफ्त में आए हैं। गिरोह 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर, 10 लाख रुपये कीमत के चोरी के 13 दोपहिया वाहन पुलिस ने जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपी, वाहन चोरी करने के बाद शहर में ही सुनसान इलाकों में छुपा देते थे। आर्डर मिलने पर उन वाहनों को बेच देते थे। वाहन चोर गिरोह के सदस्य नम्बर प्लेट बदलकर एवं चेचिस नंबर के साथ छेडछाड करके भी ग्राहकों को चोरी किए वाहन सस्ते दामों पर बेच देते थे।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम निशार उर्फ नाशिर शाह उम्र 35 साल नि. राउला सांवेर रोड, गोलू उर्फ रोहित सांखला उम्र 28 निवासी बड़ोदिया खान सांवेर इंदौर तथा जसवंत उर्फ गब्बर उम्र 45 साल निवासी इमामबाड़े के पीछे सांवेर इंदौर होना बताए।
आरोपियों से जब्त मोटर साइकिलों के संबंध में इन्दौर व उज्जैन के अलग अलग थानों में 4 एफ.आई.आर. पंजीबद्ध हैं। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ के साथ उनके विरुद्ध विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









