आशीष सिंह ने उज्जैन कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया, लॉक डाउन के सख्ती से अनुपालन पर दिया जोर

  
Last Updated:  May 5, 2020 " 11:17 am"

उज्जैन : इंदौर के निगमायुक्त से कलेक्टर उज्जैन बनाए गए IAS आशीष सिंह मंगलवार को उज्जैन पहुंचे। राजाधिराज महाकाल और हरसिद्धि मन्दिर के शिखर दर्शन करने के बाद वे कलेक्टर कार्यालय गए और पदभार ग्रहण कर लिया। इसके तत्काल बाद उन्होंने अधिकारियों की बैठक बुलाकर शहर में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की और दिशा- निर्देश जारी किए।

लॉक डाउन का करवाया जाएगा सख्ती से पालन।

अधिकारियों की बैठक लेने के बाद स्थानीय मीडियाकर्मियों से चर्चा में कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि उज्जैन में कोरोना संक्रमण की रोकथाम करना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए यह जरूरी है। इसी के साथ केंद्र सरकार ने जो गाइडलाइन जारी की है, उसपर भी अमल किया जाएगा।

टेस्टिंग पर जोर..

कलेक्टर आशीष सिंह के मुताबिक ट्रेसिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट पर उनका पूरा फोकस रहेगा। ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग कर कोरोना के मरीजों का पता लगाया जाएगा और उनके उपचार की व्यवस्था की जाएगी। इसी के साथ घर- घर सर्वे और स्क्रीनिंग की कार्ययोजना बनाकर उसपर अमल किया जाएगा।

गार्डी अस्पताल की बदइंतजामी को करेंगे ठीक।

कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि गार्डी अस्पताल को लेकर मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लिया गया है। जल्द ही अस्पताल की अव्यवस्थाओं को दूर कर कोरोना मरीजों को समुचित उपचार मिले, इसके प्रबंध किए जाएंगे।

डॉक्टर्स की बुलाएंगे बैठक।

कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि कोरोना के खिलाफ सबको मिलकर लड़ाई लड़नी है। वे जल्द ही अन्य अस्पतालों को भी कोविड- 19 के इलाज से जोड़ने का प्रयास करेंगे। शहर के तमाम डॉक्टर्स और अस्पताल संचालकों की बैठक बुलाकर मानव सेवा के इस कार्य में उनकी सेवाएं लेने का प्रयास किया जाएगा।

जनता को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता करेंगे सुनिश्चित।

कलेक्टर आशीष सिंह ने उज्जैन की जनता को घरों में रहने का आग्रह करते हुए कहा कि वे जरूरी वस्तुओं की घर पहुंच सेवा को और कारगर बनाएंगे। जनता की परेशानी कम हो इस बात का वे पूरा प्रयास करेंगे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *