इंदौर को बनाएंगे दुनिया का सबसे सुंदर शहर, पीपल्याहाना ब्रिज के लोकार्पण के अवसर पर बोले सीएम शिवराज

  
Last Updated:  January 6, 2021 " 09:00 pm"

इंदौर : इंदौर : निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से पीपल्याहाना के कार्यक्रम में पहुंचे सीएम शिवराज ने फीता काटकर आईडीए द्वारा पूर्वी रिंगरोड पर नवनिर्मित पीपल्याहाना ब्रिज का लोकार्पण किया। उन्होंने कन्यापूजन के बाद नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण और शिलान्यास, शिलालेख का अनावरण कर किया। कार्यक्रम में मंत्री तुलसी सिलावट, उषा ठाकुर, विधायक महेंद्र हार्डिया, आकाश विजयवर्गीय, वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, बीजेपी शहर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर, कमिश्नर पवनकुमार शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, आईडीए सीईओ विवेक श्रोत्रिय, अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता व क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

शिवराज ने ही किया था शिलान्यास।

पीपल्याहाना ब्रिज का शिलान्यास 4 जून 2018 को शिवराज ने ही सीएम रहते किया था। अब जब इसका निर्माण कार्य पूरा हो गया तो पुनः सीएम के बतौर ही उन्हें इस ब्रिज के लोकार्पण का मौका मिला। 45 करोड़ की लागत से निर्मित 6 लेन के इस ब्रिज की लंबाई 750 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर है।लोकार्पण के मौके पर ब्रिज को आकर्षक रोशनाई से सजाया गया था।

अवैध कालोनियों के नियमितीकरण की मांग।

क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया ने सीएम शिवराज के प्रति आभार जताते हुए अवैध कालोनियों के नियमितीकरण, महालक्ष्मी से तुलसी नगर व मूसाखेड़ी से सांवरिया नगर तक की सड़कों के निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे बंगाली चौराहा ब्रिज का काम भी लगभग पूरा हो गया है। जल्दी ही उसका भी लोकार्पण किया जाएगा।

देश का सबसे स्मार्ट ब्रिज है।

सांसद शंकर लालवानी ने कहा पीपल्याहाना का यह ब्रिज देश का सबसे आधुनिक और स्मार्ट ब्रिज है। उन्होंने ब्रिज के नीचे की जगह इंडोर खेल गतिविधियों के लिए देने और रिंग रोड के अन्य चौराहों पर भी ब्रिज निर्माण की मांग सीएम शिवराज के समक्ष रखी। सांसद लालवानी ने भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए नए बायपास को लेकर अभी से प्लानिंग करने पर भी जोर दिया।

5 वर्षों में दुनिया का सबसे सुंदर शहर होगा इंदौर।

सीएम शिवराज ने इस मौके पर कहा कि यह ब्रिज बनना ही था। शिलान्यास के समय यह तय किया था कि लोकार्पण मैं ही करूंगा। बंगाली चौराहा ब्रिज भी जल्दी ही बन जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि अब आईडीए ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल का निर्माण भी करेगा। उन्होंने कहा कि जिन दो सड़कों की मांग विधायक महेंद्र हार्डिया ने की है, उन दोनों सड़कों का निर्माण भी जल्द होगा। सीएम शिवराज ने कहा कि इंदौर जीवंत, संस्कारित, सेवाभावी शहर है। 5 साल में इंदौर दुनिया का सबसे सुंदर शहर होगा। शहर के विकास के रोडमैप पर चर्चा की है। मेट्रो के साथ यहां केबल कार भी चलेगी। कान्ह व सरस्वती नदी को प्रदूषणमुक्त करने पर काम किया जा रहा है। विकास कार्यों में पैसे की कमीं नहीं आने दी जाएगी। हॉकर्स जोन भी बनाएंगे। किसी की रोजी रोटी नहीं छीनी जाएगी। 5 साल में हर किसी के पास अपनी छत होगी। सीएम शिवराज ने कहा कि जनकल्याण की सभी योजनाएं फिर शुरू की जा रहीं हैं, जिन्हें पूर्व की कमलनाथ सरकार ने बन्द कर दिया था। शिवराज ने कहा कि करीब 200 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास उन्होंने किया है।इंदौर को आईटी का हब बनाने की बात भी सीएम ने कही।

प्रारम्भ में सीएम शिवराज ने कन्या पूजन किया। कमिश्नर पवन कुमार शर्मा ने नगर निगम प्रशासक के बतौर शिलान्यास और लोकार्पित उन विकास कार्यों की जानकारी दी जिन्हें नगर निगम अंजाम दे रहा है। कलेक्टर मनीष सिंह ने अतिथि स्वागत किया। इस मौके पर पीपल्याहाना ब्रिज निर्माण में योगदान देने वाले इंजीनियर्स और अन्य अधिकारियों का सीएम के हाथों सम्मान किया गया। विकास कार्यों पर केंद्रित वीडियो फ़िल्म भी इस अवसर पर दिखाई गई। अंत में आभार आईडीए सीईओ विवेक श्रोत्रिय ने माना।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *