कांग्रेस दलितों को समझती है गुलाम, बाबासाहब का भी किया था अपमान- गौतम

  
Last Updated:  October 23, 2020 " 11:55 pm"

इंदौर : बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार का कहना है कि कांग्रेस हमेशा से दलित विरोधी रही है। दलितों को वह अपने गुलाम समझती है। बाबासाहब आम्बेडकर को भी कांग्रेस ने अपमानित किया। महिलाओं को लेकर भी कांग्रेसियों की सोच अपमानजनक है। श्री गौतम शुक्रवार को बीजेपी के मीडिया सेंटर पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।

बाबासाहब को भारत रत्न से वंचित रखा।

दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने बाबासाहब को 1952 और 1953 में चुनाव में हरवाया। मरणोपरांत उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में होने नहीं दिया। हकदार होने पर भी उन्हें भारत रत्न से वंचित रखा। बाद में वीपी सिंह सरकार ने उन्हें भारत रत्न से नवाजा। गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने बाबासाहब का स्मारक तक नहीं बनाया। मुम्बई में उनका भव्य स्मारक मोदी सरकार बनवा रही है।

महिलाओं का अपमान कांग्रेस की मानसिकता।

बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री गौतम ने कहा कि कांग्रेस के नेता महिलाओं को अपमानजनक शब्दों से सम्बोधित करते हैं।कमलनाथ हो या दिग्विजय सिंह उनकी मानसिकता ही दूषित और महिला विरोधी है।

देश को भूखा- नंगा कांग्रेस ने बनाया।

बीजेपी नेता गौतम ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के रहते अरबों रुपए की बंदरबाट फर्जी एनजीओ और अवैध कम्पनियों के नाम पर होती थी। देश को भूखा- नंगा कांग्रेस ने बनाया। 1 लाख से ज्यादा फर्जी एनजीओ को देश- विदेश से फंडिंग होती थी, उन्हें बन्द कराया गया। ढाई लाख अवैध कम्पनियों और उनके 21 लाख नकली डायरेक्टरों पर शिकंजा कसा गया,जो बिना काम का पैसा लेते थे। 5 करोड़ फर्जी राशन कार्ड निरस्त किए और वास्तविक हकदारों को राशन उपलब्ध करवाया। 4 करोड़ एलपीजी के फर्जी कनेक्शन पकड़े गए। मनरेगा में भी 2 करोड़ नकली कार्ड की पहचान कर उन्हें निरस्त किया गया। ये सब फर्जीवाड़ा कांग्रेस की सरकार के रहते चल रहा था।

कांग्रेस कर रही वोट बैंक की राजनीति।

बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार ने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति कर रही है। हाथरस के अलावा अन्य स्थानों पर भी दुष्कर्म की घटनाएं हुई पर कांग्रेस के नेता वहां नहीं गए। क्योंकि उन घटनाओं में आरोपी दूसरे समुदाय के थे। अखलाक मामले में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने भारी बवाल मचाया था पर महाराष्ट्र में दो साधुओं की हत्या और राजस्थान में पुजारी को मार दिया गया पर उनके मुंह से एक बोल नहीं फूटा।

राष्ट्रविरोधी है कांग्रेस की मानसिकता।

बीजेपी महासचिव गौतम ने कहा कि फारुख अब्दुल्ला चीन की मदद से धारा 370 की बहाली की बात करते हैं लेकिन कांग्रेस कोई प्रतिक्रिया नहीं देती। देश की सेना पर सवाल उठाने में उसे तकलीफ नही होती। राहुल गांधी कहते हैं, हमारी सरकार होने पर हम 15 मिनट में चीन में घुस जाएंगे। वे भूल गए कि उनके बाप दादाओं के जमाने में ही चीन ने अक्साई चीन सहित देश की हजारों वर्गमील जमीन पर कब्जा कर लिया था। कांग्रेस की मनमोहन सिंह सरकार के रहते भी चीन हमारी जमीन हड़प रहा था। मोदी सरकार ने चीन को उसी की भाषा में जवाब दिया है।

जाति- धर्म की सियासत कर रही कांग्रेस।

गौतम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस फुट डालो, राज करो की नीति पर चलते हुए जाति- धर्म और संप्रदाय की राजनीति कर रही है।

जल्द सुधरेगी अर्थव्यवस्था।

बीजेपी महामंत्री गौतम ने दावा किया कि देश की आर्थिक व्यवस्था सुधारने के लिए केंद्र सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। उद्योगों और कारोबार को लेकर पैकेज दिए गए हैं।जल्दी ही अर्थव्यवस्था में सुधार दिखाई देगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

सभी 28 सीटें जीतेंगे।

गौतम ने दावा किया कि मप्र में जिन 28 सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं, बीजेपी उन सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *