गंगोत्री में भूस्खलन की चपेट में आकर मप्र के तीन सहित चार लोगों की मौत

  
Last Updated:  July 11, 2023 " 07:39 pm"

मृतकों में दो देवास के युवक व एक भोपाल निवासी महिला शामिल।

सात घायलों में तीन देवास, दो भोपाल व दो इंदौर के निवासी।

देहरादून : उत्तर भारत में हो रही भारी वर्षा ने पहाड़ी क्षेत्रों में हालात बेकाबू हो गए हैं। बाढ़ और भूस्खलन की लगातार हो रही घटनाएं हादसों को जन्म दे रहीं हैं। सोमवार रात उत्तराखंड के गंगोत्री में हुए भूस्खलन की चपेट में एक कार सहित तीन वाहन आ गए। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 घायल हो गए।घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई गई है। 14 लोगों को मामूली चोटें आई, जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतकों में तीन मप्र के हैं। दो देवास व एक मृतक भोपाल निवासी हैं। घायलों में भी ज्यादातर मप्र के हैं। इनमें दो भोपाल, दो इंदौर व तीन देवास के हैं।

गंगोत्री धाम से लौट रहे थे यात्री।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार, 10 जुलाई की रात गंगोत्री धाम से उत्तरकाशी की ओर लौट रहे तीन वाहन गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटवाडी तहसील के गंगनानी के समीप पहाड़ से हुए भूस्खलन की चपेट में आ गए। इनमें टेंपो ट्रेवलर, टवेरा और स्विफ्ट कार शामिल थे। ट्रेवलर और टवेरा में सवार अधिकांश तीर्थयात्री मप्र के थे। हादसे की सूचना मिलने पर राहत और बचाव दल के साथ स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे क्षतिग्रस्त वाहनों से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। 8 घायलों का स्थानीय जिला चिकित्सालय में इलाज किया जा रहा है। 14 घायलों का सामान्य उपचार किया गया, उन्हें ज्यादा चोटें नहीं आई थीं।

ये वाहन आए भूस्खलन की चपेट में।

टेंपो ट्रेवलर (HR -55 AN 029) में कुल 21 यात्री सवार थे। इनमें से 2 यात्रियों की मौत हुई। 4 घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है। 15 यात्री सुरक्षित रहे।
टवेरा वाहन (MP 13 DA -1876) में कुल 8 लोग सवार थे। इनमें से दो लोगों की मौत हुई व 3 घायल हुए जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है। 3 यात्री सुरक्षित हैं।
स्विफ्ट कार (UK 17 TA 0771) में 2 लोग सवार थे जिन्हें कोई चोट तो नहीं आई पर कार बुरीतरह डैमेज हो गई।

ये हैं मृतक व घायल :-

भूस्खलन की चपेट में आए टेंपो ट्रेवलर व टवेरा वाहन में सवार कुल 29 लोगों में 4 लोगों की मौत हुई। उनके नाम रवि बघेल, ड्राइवर, उम्र 50 वर्ष निवासी हरियाणा, पुष्पा पति मोहनलाल चौहान उम्र 65 वर्ष निवासी भोपाल, मप्र, अंशुल मंडलोई उम्र 23 वर्ष निवासी देवास, मप्र और योगेंद्र सोलंकी उम्र 23 वर्ष निवासी देवास, मप्र बताए गए हैं।

घायलों में शोभा पति बंशीलाल उम्र 49, निवासी इंदौर, मप्र, सानिध्य बाथलिया पुत्र दीपेश उम्र 14 वर्ष, निवासी इंदौर, मप्र, माही चौहान पुत्र महेंद्र चौहान, उम्र 9 वर्ष, निवासी भोपाल, मप्र, अमृता पुत्री महेंद्र चौहान उम्र 13 वर्ष, निवासी भोपाल, मप्र, अभिषेक सोलंकी, उम्र 25 वर्ष, निवासी देवास मप्र,उमंग सोलंकी उम्र 24 वर्ष, निवासी देवास, मप्र और अंशुल, उम्र 24 वर्ष, निवासी देवास इंदौर बताए गए हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *