गर्मी के मौसम में मानसून का नजारा, झूमकर बरसे बादल

  
Last Updated:  May 1, 2023 " 12:20 pm"

इंदौर : दो दिन से मौसम का बिगड़ा मिजाज रविवार को जैसे चरम पर पहुंच गया। गर्मी के मौसम में मानसून का नजारा दिखाई दिया। प्रदेश के अन्य जिलों के साथ इंदौर में भी गरज चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। करीब 12 बजे शुरू हुआ बेमौसम बरसात का सिलसिला शाम तक चलता रहा। बारिश का वेग इतना तेज था कि सड़कें लबालब हो गई और जनजीवन अस्त – व्यस्त हो गया।

मानसून जैसे बन गए हालात।

देखा जाए तो बीते दो – तीन दिनों से बादल आसमान में डेरा जमाए हुए थे। कहीं – कहीं छुटपुट बारिश भी हो रही थी पर रविवार को तो मौसम ने मानसूनी तेवर अपना लिए। सुबह इंदौर के कुछ इलाकों में बादल बरसे थे पर दोपहर लगभग 12 बजे से बिजली कड़कने और बादलों की गर्जना के साथ शुरू हुई बारिश ने जैसे रौद्र रूप धारण कर लिया। जो जहां था, वहीं ठिठक गया। बचते – बचाते भी लोग खुद को भीगने से नहीं बचा पाए। देखते ही देखते सड़कों पर पानी जमा हो गया जिससे वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा। गर्मी के दौर में मानसून जैसी तूफानी बारिश लोगों को हैरान कर रही थी। बारिश का ये क्रम दोपहर बाद तक जारी रहा।

कई स्थानों पर हुई ओलावृष्टि।

इंदौर के महू और आसपास के इलाकों के अलावा धार, नर्मदापुरम, सीहोर, शाजापुर, रायसेन सहित कई अन्य जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे जिससे खेती को नुकसान पहुंचा। खेत, सड़क और घरों की छतों पर ओलों की जैसे चादर बिछ गई थी। राजधानी भोपाल में भी जमकर बादल बरसे।

तापमान में आई गिरावट।

झमाझम बरसात से तापमान में गिरावट आ गई। इंदौर में तापमान करीब 10 डिग्री लुढ़ककर 22 डिग्री पर आ गया।मौसम में भी ठंडक घुल गई।

मौसम केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन – चार दिनों तक बारिश का क्रम जारी रह सकता है। प्रदेश के करीब 25 जिलों में बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *