देवी अहिल्याबाई का बनेगा भव्य स्मारक, सुपर कॉरिडोर पर विकसित करेंगे स्टार्टअप पार्क-मुख्यमंत्री

  
Last Updated:  June 1, 2022 " 01:20 am"

राजेंद्र नगर स्थित ऑडिटोरियम और संगीत महाविद्यालय का नामकरण लता दीदी के नाम पर होगा।

सात दिनी इंदौर गौरव महोत्सव का रंगारंग समापन।

नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल तथा मनोज मुंतशिर की प्रस्तुतियों ने बांधा समां।

इंदौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की इच्छानुसार मनाए गए सात दिवसीय इंदौर गौरव महोत्सव का समापन मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। माँ अहिल्या की जन्म तिथि पर गौरव दिवस का समापन समारोह नेहरू स्टेडियम के मुक्ताकाश परिसर में आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायकगण रमेश मेंदोला,आकाश विजयवर्गीय, मालिनी गौड़ और महेन्द्र हार्डिया, पूर्व विधायक और बीजेपी जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर, सुदर्शन गुप्ता, मनोज पटेल, जीतू जिराती, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, मधु वर्मा, कृष्णमुरारी मोघे, सावन सोनकर, प्रिंस यशवंतराव होलकर, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा और कलेक्टर मनीष सिंह सहित शहर के अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी इस दौरान मौजूद रहे।

दुनिया के सबसे बेहतर शहरों में शुमार होगा इंदौर।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर लोक माता अहिल्या देवी का शहर है। इस शहर की अपनी विशिष्ट पहचान है। यह शहर विकास और समृद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसे हम जनसहयोग से विश्व के सबसे बेहतर शहरों में से एक बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर शहर जनभागीदारी का जीता जागता उदाहरण है। यह कला, संस्कृति एवं शिक्षा की नगरी है। स्वच्छता की दिशा में इस शहर ने विश्व में अपनी नई पहचान कायम की है। इंदौर ने जैसा गौरव दिवस मनाया है वह अदभुत है। इंदौर का अनुकरण अब पूरा प्रदेश करेगा। उन्होंने इंदौर के विकास और इसको नई पहचान दिलाने के लिये अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की।

देवी अहिल्याबाई का बनेगा भव्य स्मारक।

मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर में देवी अहिल्या बाई का भव्य स्मारक बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बनाये जाने वाले ट्रस्ट की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन करेंगी। जल्द ही इस परिकल्पना को साकार रूप दिया जाएगा।

लता दीदी के नाम होगा राजेंद्रनगर क्षेत्र स्थित ऑडिटोरियम।

उन्होंने स्वर कोकिला स्व. लता मंगेशकर की स्मृति में इंदौर के राजेन्द्र नगर क्षेत्र में बन रहे ऑडिटोरियम और चिमनबाग स्थित शासकीय संगीत महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर करने की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि संगीत महाविद्यालय को विशाल स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इंदौर को भिक्षुक मुक्त शहर बनाने की घोषणा भी की और कहा कि यह शहर दानवीरों का शहर है, इस शहर में भिक्षावृत्ति के लिए कोई जगह नहीं है।

सुपर कॉरिडोर पर बनेगा स्टार्टअप पार्क।

उन्होंने कहा कि इंदौर आईटी के क्षेत्र में तेजी से बड़ा हब बन रहा है। इस शहर में स्टार्टअप भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। इंदौर में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इन्हीं संभावनाओं को मूर्त रूप देने के लिए सुपर कॉरिडोर पर स्टार्टअप पार्क बनाया जाएगा। बिजासन से एबी रोड तक इकोनॉमिक कॉरिडोर बन रहा है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर से जुड़े इंदौर के देपालपुर में 2 हजार एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम के प्रांरभ में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने स्वागत उदबोधन दिया।

इंदौर गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना, मां अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पाद पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम में नर्मदा अष्टक, रागिनी मक्खर व उनकी टीम द्वारा मां अहिल्याबाई होल्कर पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर इंदौर गौरव गान का अनावरण भी हुआ।
इंदौर गौरव महोत्सव के तहत विगत 7 दिनों में आयोजित गतिविधियों पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इंदौर गौरव दिवस की थीम पर आधारित आकर्षक लेजर शो भी प्रस्तुत किया गया।

मनोज मुंतशिर और श्रेया घोषाल ने दी सुरमई प्रस्तुति।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में मां अहिल्याबाई होल्कर की गौरव गाथा पर आधारित काव्यात्मक प्रस्तुति लेखक व गीतकार मनोज मुंतशिर ने पेश की। इसके बाद ख्यात गायिका श्रेया घोषाल ने मंच संभाला और अपने सुमधुर गीतों से उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक श्रोता इस कार्यक्रम का लुत्फ उठाते रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *