नगर निगम के कामकाज और पत्राचार में अब इंडिया के स्थान पर भारत शब्द का उपयोग होगा

  
Last Updated:  September 23, 2023 " 04:32 am"

मेयर इन कांउसिल की बैठक संपन्न।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास होने पर प्रधानमंत्री के नाम धन्यवाद प्रस्ताव पारित।

इंदौर : महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में महापौर सभाकक्ष में मेयर इन कांउसिल की बैठक आहूत की गई। बैठक में महापौर परिषद सदस्य राजेन्द्र राठौर, निरंजनसिंह चौहान, अश्विनी शुक्ल, नंदकिशोर पहाडिया, राजेश उदावत,जीतू यादव,प्रिया डांगी, मनीष शर्मा, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर व अन्य उपस्थित थे।

महापौर भार्गव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महिलाओ के सम्मान के प्रति दृढ इच्छाशक्ति के फलस्वरूप संसद एवं विधानसभाओ में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने के संबंध में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पारित किया गया है। इस बिल से महिलाओ के नेतृत्व में विकास को अभूतपूर्व गति मिलने वाली है तथा उनका सम्मान भी बढेगा। उन्होने कहा कि यह एक ऐतिहासिक कानून होगा, जो महिलाओं के सशक्तिकरण को बढावा देगा। इससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मध्य प्रदेश में महिलाओ को स्थानीय निकायो में 50 प्रतिशत आरक्षण दे रखा है।
महापौर भार्गव ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक कदम पर बधाई व शुभकामनाएं देते हुए, मेयर इन कांउसिल की बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल के लिये मान. प्रधानमंत्री को नगर निगम इंदौर की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करने हेतु प्रस्ताव पारित किया गया।

महापौर ने मेयर इन कांउसिल की बैठक में नगर निगम इंदौर में इंडिया के स्थान पर भारत का उपयोग किए जाने संबंधी प्रस्ताव पारित किए जाने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे देश का नाम भारत एक ऐतिहासिक और वैचारिक नाम है। संविधान अनुसार भी हमारे देश का नाम भारत है। अतः संविधान की मंशानुरूप राष्ट्रीयता के भाव को सशक्त और मजबूत करने के उददेश्य से नगर निगम इंदौर द्वारा की जाने वाली कार्यवाही तथा पत्राचारो में इंडिया के स्थान पर भारत के नाम का उपयोग करने संबंधित प्रस्ताव को मेयर इन काउसिंल की बैठक में मंजूरी दी गई।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *