नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में 12 जनवरी को निकलेगी तिरंगा यात्रा

  
Last Updated:  January 10, 2020 " 03:37 pm"

इंदौर : नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के समर्थन में भारत सुरक्षा मंच द्वारा विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन रविवार 12 जनवरी को किया जा रहा है। दशहरा मैदान पर होनेवाले इस आयोजन में तिरंगा यात्रा के साथ राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान होगा। इस दौरान नागरिकता संशोधन अधिनियम के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।
भारत सुरक्षा मंच के संयोजक प्रांजल शुक्ल और अभिभाषक पुष्यमित्र भार्गव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिकता संशोधन कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से धर्म के आधार पर प्रताड़ित होकर जो अल्पसंख्यक हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई शरणार्थी के रूप में भारत में आकर बसे हैं, उनको नागरिकता देने का कानून है। ये नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं। इस कानून का देश के किसी भी नागरिक से कोई संबंध नहीं है। किसी को भी इससे भयभीत होने की जरूरत नहीं है।
श्री शुक्ल और श्री भार्गव ने बताया कि नागरिकता संशोधन कानून को गलत अर्थों में पेश कर कुछ ताकतें समाज को बांटने का काम कर रहीं हैं। इसी दुष्प्रचार के खिलाफ और नागरिकता कानून के समर्थन में 12 जनवरी को यह कार्यक्रम किया जा रहा है।

छात्रों के हित को देखते हुए बदला स्थान।

आयोजकों ने बताया कि पहले यह कार्यक्रम चिमनबाग मैदान पर होने वाला था, लेकिन उसी दिन पीएससी की परीक्षा होने से छात्रों के हित को देखते हुए कार्यक्रम का स्थान बदलकर दशहरा मैदान कर दिया गया है। वहां रविवार को दोपहर दो बजे से यह कार्यक्रम होगा।

समाज के हर वर्ग की होगी भागीदारी।

श्री शुक्ल और श्री भार्गव ने बताया कि नागरिकता संशोधन कानून को लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है। समाज के हर वर्ग के लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। शहर के विशिष्टजन, डॉक्टर, वकील, पूर्व सैनिक, युवा और महिलाओं की भागीदारी भी इस कार्यक्रम में होगी। शहर की सभी दिशाओं से तिरंगे के साथ लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने दशहरा मैदान पहुंचेंगे। पूरा कार्यक्रम बेहद अनुशासित और शांतिपूर्ण होगा।

फिलहाल मिली है सैद्धान्तिक अनुमति।

अभिभाषक पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि कार्यक्रम की अनुमति के लिए आवेदन हमने 2 जनवरी को ही दे दिया था। 6 जनवरी को प्रशासन के साथ हमारी बैठक भी हो चुकी है। छात्रों के हित में हमने कार्यक्रम का स्थान चिमनबाग से दशहरा मैदान कर लिया है। कार्यक्रम की सैद्धान्तिक अनुमति मिल गई है। लिखित अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। जैसी अनुमति मिलेगी, उसी के अनुरूप कार्यक्रम का स्वरूप होगा।

धारा 144 के लागू होने पर उठाए सवाल।

अभिभाषक श्री भार्गव ने लंबे समय से धारा 144 लागू किये जाने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने शासन- प्रशासन पर तंज कसते हुए कहा कि क्या आजीवन इंदौर में धारा 144 लागू रहेगी, इस बात का जवाब दिया जाना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में डॉ.एसएल शर्मा और पूर्व सैनिक अजय जैन भी मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *