मप्र की पहली मेट्रो ट्रेन के ट्रॉयल रन को मुख्यमंत्री चौहान ने दिखाई हरी झंडी

  
Last Updated:  September 30, 2023 " 10:59 pm"

इंदौर में मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी बनाई जाएगी।

मेट्रो ट्रेन का उज्जैन और पीथमपुर तक किया जाएगा विस्तार।

2028 के सिंहस्थ में लोग मेट्रो से उज्जैन जा सकेंगे।

गांधीनगर में रजिस्ट्री पर लगी रोक को हटाने की प्रक्रिया तेज होगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने मेट्रो के ट्रायल रन कार्यक्रम में किया ऐलान।

मेट्रो ट्रेन में सफर कर लिया व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा।

इंदौर : मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर में मेट्रो ट्रेन के ट्रॉयल रन के समारोह को सम्बोधित करते हुए ऐलान किया कि इंदौर शहर तथा आसपास के क्षेत्र के समन्वित विकास के लिए मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेट्रो ट्रेन का विस्तार इंदौर से उज्जैन और पीथमपुर तक किया जाएगा। हमारा संकल्प है कि वर्ष 2028 के सिंहस्थ में इंदौर के लोग बाबा महाकाल के दर्शन करने मेट्रो ट्रेन से जाएं। उन्होंने इंदौर शहर के गांधीनगर क्षेत्र में रजिस्ट्री पर लगी रोक को हटाने की प्रक्रिया तेज करने की घोषणा भी की।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में प्रदेश की पहली मेट्रो ट्रेन के ट्रॉयल रन को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पादपूजन कर किया गया।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, महेन्द्र हार्डिया, पूर्व विधायक मनोज पटेल, गौरव रणदिवे, सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, इंदौर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

7500 करोड़ की लागत से आकार ले रहा मेट्रो प्रोजेक्ट।

बता दें कि इंदौर में 7500 करोड़ रुपए की लागत से विश्व स्तरीय इंदौर मेट्रो ट्रेन परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके पूर्ण होने से नागरिकों को तेज, सुरक्षित,आधुनिक और आरामदेह लोक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी। इस सेवा से 7 लाख यात्री प्रतिदिन यात्रा कर सकेंगे। हर मेट्रो ट्रेन में तीन कोच होंगे। इंदौर में कुल 25 मेट्रो ट्रेन संचालित की जाएंगी। इन मेट्रो ट्रेनों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रहेगी।

इंदौर ने टेंपो से मेट्रो तक का सफर तय किया है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर में एक नया दौर प्रारंभ हो रहा है। इंदौर मेरे सपनों का शहर है, इंदौर स्वच्छतम शहर है, इंदौर स्मार्ट शहर है, इंदौर आईटी सिटी है, इंदौर हाईटेक सिटी है। इंदौर ने टेम्पो से लेकर मेट्रो तक का सफर तय किया है। मुख्यमंत्री ने मेट्रो के एमडी मनीष सिंह और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेट्रो की टीम ने युद्ध स्तर पर कार्य किया है, इसलिए मेट्रो की पूरी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि मेट्रो में साफ और स्वच्छ वातावरण में लोग यात्रा कर सकेंगे और बहुत ही कम समय में गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। मेट्रो से यात्रा करना सस्ता और सुलभ है। उन्होंने कहा कि आगामी छह से सात माह में मेट्रो का संचालन आम लोगों के लिए होने लगे, इसका प्रयास किया जा रहा है।

2028 के सिंहस्थ में मेट्रो से उज्जैन जाएंगे श्रद्धालु।

सीएम शिवराज ने कहा कि हमारा संकल्प है कि आगामी 2028 के सिंहस्थ में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने मेट्रो ट्रेन से उज्जैन जाएं। मेट्रो ट्रेन का विस्तार उज्जैन तक किया जाएगा। साथ ही पीथमपुर तक भी मेट्रो चलायी जाएगी। इसके लिए सर्वे का कार्य भी पूर्ण हो गया है।

इंदौर के समग्र विकास के लिए मेट्रोपोलिटन अथॉरिटी का होगा गठन।

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि इंदौर में मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी का गठन होगा। इससे इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों का समन्वित विकास हो सकेगा। उन्होंने कहा कि गांधीनगर में रजिस्ट्री पर लगी रोक को हटाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेट्रो कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों और इंजीनियरों का सम्मान भी किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सांसद लालवानी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि इंदौर में आज एक नया इतिहास लिखा गया है। इंदौर के लोक परिवहन सेवा की रफ्तार तेज हुई है। इंदौर की लोक परिवहन सेवा ने टेम्पो से लेकर मेट्रो ट्रेन तक का सफर तय किया है। आज हम धीमी रफ्तार से तेज रफ्तार की ओर आगे बढ़े हैं। मेट्रो का सपना साकार हुआ है। इंदौर में सबसे तेज गति से मेट्रो का काम चल रहा है। इंदौर की मेट्रो सुरक्षा की दृष्टि से देश में सबसे बेहतर है। मेट्रो के एमडी मनीष सिंह ने मेट्रो ट्रेन का मॉडल भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मेट्रो में ये होंगी सुविधाएं।

बताया गया कि मेट्रो के कोच वातानुकूलित रहेंगे। दिव्यांग व्यक्तियों के लिए भी उचित स्थान रहेगा। मेट्रो ट्रेन के प्रत्येक कोच में 50 लोगों के बैठने और 300 लोगों के खड़े होने का स्थान रहेगा। लगभग 31 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में यह मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। इसमें 28 स्टेशन होंगे। जिसमें से 7 भूमिगत और 21 एलिवेटेड स्टेशन रहेंगे। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड पर स्वचालित टिकटिंग की व्यवस्था होगी। दरवाजे भी स्वचालित रहेंगे। यात्री सूचना प्रदर्शन प्रणाली रहेगी। ग्रेब हेण्डल की लिफ्ट, एस्केलेटर, कस्टमर केयर सेंटर, हिंदी इंग्लिश में अनाउंसमेंट, दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर, अन्य सार्वजनिक सुविधाएं आदि रहेगी। ट्रेन में आपातकालीन संपर्क एवं आपातकालीन द्वार की व्यवस्था भी होगी। बिजली की खपत को कम करने के लिए स्टेशन और डिपो पर सौर ऊर्जा की व्यवस्था की जा रही है। इस ट्रेन का संचालन मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री जी ने मेट्रो ट्रेन में सफर कर लिया व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा।

मुख्यमंत्री चौहान ने फ्लैग ऑफ के बाद मेट्रो की सवारी की। उन्होंने मेट्रो ट्रेन में बैठकर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारीगण व शहर के अन्य गणमान्य नागरिक भी उनके साथ थे। यह मेट्रो ट्रेन गाँधी नगर स्थित स्टेशन से प्रारंभ होकर सुपर कॉरिडोर पर ही बने अगले स्टेशन पर पहुंची। यहां मुख्यमंत्री उतरे और नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। इंदौर शहर के नागरिकों ने भी मेट्रो ट्रेन के सपने का साकार होते देख खुशी जताई।

बड़ी संख्या में मौजूद रही लाडली बहनाएँ और गणमान्य नागरिक।

इंदौर में मेट्रो के ट्रॉयल रन का साक्षी बनने के लिए बड़ी तादाद में लाडली बहनाएं आई थीं। मुख्यमंत्री चौहान ने मेट्रो ट्रॉयल रन को हरी झंडी दिखाने के बाद मेट्रो में जनप्रतिनिधियों तथा अन्य प्रबुद्धजनों के साथ यात्रा भी की। कार्यक्रम में विशेष रूप से शिक्षा, उद्योग, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक तथा अन्य संगठन, संस्थाओं और एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे। मेट्रो ट्रेन को चलते देखने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *