मप्र में कर्नाटक से भी ज्यादा सीटें जीतेगी कांग्रेस

  
Last Updated:  May 20, 2023 " 09:12 pm"

बजरंग दल पर बैन लगाने की बात सही नहीं।

द केरला स्टोरी जैसी घटनाएं होती हैं केरल में।

इंदौर प्रेस क्लब के चाय पर चर्चा कार्यक्रम में बोले विधायक लक्ष्मण सिंह।

इंदौर : कांग्रेस की लाइन से अलग विधायक लक्ष्मण सिंह का कहना है कि बजरंग दल देशभक्त संगठन है।उस पर बैन लगाने की बात उचित नहीं है। ‘द केरला स्टोरी को लेकर उनका कहना था कि केरल में ऐसी घटनाएं होती हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनाएगी। श्री लक्ष्मण सिंह इंदौर प्रेस क्लब के चाय पर चर्चा कार्यक्रम में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

भूमाफिया के खिलाफ हो कड़ी करवाई।

विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि प्रदेश में भूमाफिया बेलगाम हो गया है। धनबल और बाहुबल से सरकारी जमीनों पर कब्जे कर कालोनियां काटी जा रही हैं। जमीनों के भाव इतने बढ़ गए हैं की आम आदमी के घर का सपना पूरा होना मुश्किल हो गया है। सरकार को चाहिए की भूमाफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। उनकी कब्जाई जमीनों का अधिग्रहण भी सरकार को कर लेना चाहिए।

अवैध कालोनियों को वैध करने के निर्णय पर विधानसभा में होनी थी बहस।

लक्ष्मण सिंह ने कहा कि अवैध कालोनियों को वैध करने का निर्णय सरकार ने जल्दबाजी में लिया है। इसका लाभ भूमाफिया उठाएंगे। सरकार को पहले इस पर विधानसभा में बहस करवानी चाहिए थी।

बजरंग दल पर प्रतिबंध की बात ठीक नहीं।

लक्ष्मण सिंह ने पार्टी लाइन के उलट बजरंग दल पर बैन लगाने की बात को गलत ठहराया। उनका कहना था कि बजरंग दल हिंसक हो सकता है पर देशविरोधी नहीं है।

केरला स्टोरी जैसी घटनाएं होती हैं केरल में।

उन्होंने कहा कि फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ उन्होंने देखी नहीं है पर ऐसी घटनाएं केरल में घटित होती हैं, इससे इंकार नहीं किया जा सकता।

मप्र में कांग्रेस को कर्नाटक से भी ज्यादा सीटें मिलेंगी।

लक्ष्मण सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस को मप्र में कर्नाटक से भी ज्यादा सीटें मिलेंगी और वह भरी बहुमत से सरकार बनाएगी। उनका कहना था कि कर्नाटक में बीजेपी ने चुनी हुई सरकार गिराकर सत्ता पर कब्जा किया था। उसका खामियाजा उसे चुनाव में भुगतना पड़ा। यही बात मप्र में भी लागू होती है। यहां भी बीजेपी ने चुनी हुई सरकार गिराकर सत्ता हासिल की। इससे लोगों में नाराजगी है। यह आक्रोश चुनाव में नजर आएगा।

सिंधिया को मिस करता हूं।

लक्ष्मण सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया अब बीजेपी में चले गए है पर मैं उन्हें मिस करता हूं। लंबा वक्त उन्होंने कांग्रेस पार्टी में बिताया है। उन्होंने ये भी माना की सिंधिया को गद्दार कहना सही नहीं है। हालांकि वे यह कहना भी नहीं भूले कि सिंधिया के बीजेपी में जाने से कांग्रेस को लाभ होगा और ग्वालियर – चंबल में उसे अच्छी सीटें मिलेंगी।

कुनों में एक साथ 20 चीतों को रखने का निर्णय गलत।

विधायक लक्ष्मण सिंह वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट भी माने जाते हैं। जब उनसे कूनो में हुई तीन चीतों की मौत को लेकर सवाल किया गया तो उनका साफ कहना था कि 20 चीतों को एक ही स्थान पर रखने का निर्णय गलत था। चीता एक ऐसा प्राणी है जो 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ते हुए अपना शिकार करता है। वह बड़े क्षेत्र में विचरण करता है। जरूरी है की चीतों को अलग – अलग अभयारण्यों में भेजा जाए ताकि उन्हें विचरण और शिकार में परेशानी न आए।

वाइल्ड लाइफ टूरिज्म रोजगार का बड़ा क्षेत्र।

लक्ष्मण सिंह का कहना था कि वाइल्ड लाइफ टूरिज्म रोजगार का बड़ा माध्यम है। मप्र में इसके बढ़ने के बहुत अवसर हैं।

लक्ष्मण सिंह ने अन्य कई सवालों के भी जवाब दिए।इंदौर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने उनका स्वागत किया। आभार महासचिव हेमंत शर्मा ने माना।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *