मप्र में भारी बारिश से जनजीवन ठप, अलर्ट जारी

  
Last Updated:  September 10, 2019 " 04:16 pm"

भोपाल : मप्र के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ से जनजीवन बुरीतरह प्रभावित हुआ है। भोपाल सहित कई शहरों में हालात बदतर हो गए हैं। निचले इलाकों में जलजमाव के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नर्मदा, ताप्ती व चम्बल सहित सभी बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रदेश के बड़े बांध लबालब होने से उनके गेट खोल दिये गए हैं। इससे बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताते हुए मप्र के 32 जिलों में रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

भारी बारिश से जनजीवन ठप।

भारी बारिश और बाढ़ से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में जनजीवन ठप हो गया है। राजधानी भोपाल में भारी बारिश से लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। निचली बस्तियां जलमग्न होने से प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया जा रहा है। कोलार बांध ओवरफ्लो होने से इसके गेट खोल दिये गए हैं।

इंदौर में भी बीते तीन दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। मंगलवार को सुबह से दोपहर तक शहर में बादल जमकर बरसे। निचले इलाकों में पानी भर गया वहीं सड़कें लबालब हो गई। इससे यातायात बुरीतरह प्रभावित हुआ। शहर के अधिकांश तालाब भी बरसों बाद अपनी क्षमता के अनुरूप भर गए हैं। यशवंत सागर ओवरफ्लो होने से उसका एक गेट खोलना पड़ा। इंदौर में बारिश का आंकड़ा 40 इंच को पार कर गया है। यह औसत बारिश से कहीं ज्यादा है।

हरदा में जिला जेल में घुसा पानी।

हरदा में भारी बारिश के चलते बाढ़ के हालात बन गए हैं। प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है। यहां की जिला जेल में बरसात का पानी घुस जाने से बैरकें भी लबालब हो गई। इसपर 3 सौ से अधिक कैदियों को अन्यत्र शिफ्ट करना पड़ा।

21 बांधों के खोले गए गेट।

मूसलाधार बारिश के चलते प्रदेश के 28 बड़े बांधों में से 21 के गेट खोले गए हैं। इनमें इंदिरा सागर, बरगी और ओंकारेश्वर बांध भी शामिल हैं।बांधों से पानी छोड़े जाने से नदी किनारे बसे शहरों और गावों में हालात विकट हो गए हैं।

मप्र पर बना हुआ है कम दबाव का क्षेत्र।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश के मध्य क्षेत्र के ऊपर मानसूनी हवा के कारण कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के 32 जिलों में मौसम विभाग ने सामान्य से भारी बारिश का अंदेशा जताते हुए यलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है।
रेड अलर्ट- रायसेन, हरदा, मंदसौर, नीमच, रतलाम, सीहोर, नरसिंहपुर।
ऑरेंज अलर्ट- इंदौर, धार, देवास, उज्जैन, बड़वानी,दमोह, विदिशा और राजगढ़।
यलो अलर्ट- भोपाल, बालाघाट, बैतूल, अलीराजपुर, आगर, अशोक नगर, सागर, सिवनी, खंडवा, खरगोन, जबलपुर और गुना।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *