मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धर्म की आड़ लेती है बीजेपी

  
Last Updated:  November 7, 2023 " 02:48 am"

कांग्रेस के क्षेत्र क्रमांक 05 के प्रत्याशी सत्यनारायण पटेल के समर्थन में आयोजित सभा में बोली प्रियंका गांधी वाड्रा।

केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर बोला हमला।

महंगाई, बेरोजगारी और घोटालों को लेकर बीजेपी सरकारों पर साधा निशाना।

इंदौर : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 05 के कांग्रेस प्रत्याशी सत्यनारायण पटेल के समर्थन में रोबोट चौराहा, रिंग रोड के समीप आयोजित महती सभा को संबोधित किया। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों जिसमें महिलाएं भी बड़ी तादाद में मौजूद रहीं, को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र की मोदी सरकार और मप्र में बीजेपी की शिवराज सरकार पर जोरदार हमला बोला। मोदी सरकार के 10 वर्ष और शिवराज सरकार के 18 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब मांगते हुए प्रियंका ने कहा कि बीजेपी धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह कर मूल मुद्दों से उनका ध्यान भटकाती है। प्रियंका ने महंगाई, बेरोजगारी, घोटाले, नोटबंदी और अंबानी, अडानी को लेकर डबल इंजन सरकारों की घेराबंदी की। उन्होंने कांग्रेस के वचन पत्र के प्रमुख बिंदु गिनाते हुए जनता से आह्वान किया कि वे सोच समझ कर जागरूकता के साथ अपने वोट का सही इस्तेमाल करें और कांग्रेस को विजयी बनाएं।

निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे देरी से सभास्थल पर पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाषण की शुरुआत खजराना गणेश का जयकारा लगवाने के साथ की। उन्होंने बाबा महाकाल और ओंकार महादेव को भी नमन किया। का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इंदौर का आजादी के आंदोलन में अहम योगदान रहा है। जब गांधी जी के द्वारा करो या मरो आंदोलन शुरू किया गया था, तब इंदौर के स्वतंत्रता सेनानी श्याम कुमार आजाद, नगेंद्र कुमार आजाद, आनंद मोहन माथुर आदि ने इस आंदोलन में बहुत बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था ।

आईआईटी, आईआईएम कांग्रेस ने ही बनाएं।

प्रियंका ने बीजेपी की केंद्र व प्रदेश सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि वो कहते हैं कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया,जबकि आईआईटी, आईआईएम और एम्स पिछले 70 साल में ही बने हैं। लेकिन अगर मोदी जी से सवाल किया जाए कि उनकी पिछले 10 साल से सरकार हैं, उन्होंने क्या किया तो उनके पास कोई जवाब नहीं है, भाजपा के लोग नकारात्मक राजनीति करते हैं।

16 हजार करोड़ के हवाई जहाज खरीद लिए पर किसानों के लिए पैसा नहीं है।

प्रियंका गांधी ने खेती किसानी की बात करते हुए कहा कि पहले लोगों को खेती किसानी से रोजगार मिलता था, किसान परेशान नहीं रहता था, लेकिन आज किसान बीज और खाद के लिए जीएसटी दे रहा है। डीजल और पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास किसानों के लिए पैसा नहीं है, लेकिन 16 हजार करोड़ के दो हवाई जहाज खरीदने के लिए पैसा है। आज भाजपा नेताओं के बड़े-बड़े महल बन रहे हैं, सैकड़ों करोड़ों रूपयों के घोटाले भी सामने आ रहे हैं। छोटे व्यापारियों के ऊपर जीएसटी जैसे कानून लाकर उनसे भारी टैक्स वसूला जा रहा है।

अडानी, अंबानी को पहुंचाया जा रहा अतिरिक्त लाभ।

भाजपा पर आक्रामक होते हुए प्रियंका ने कहा कि आज बड़े उद्योगपति आगे बढ़ रहे हैं। अडानी, अंबानी जैसे उद्योगपतियों को अतिरिक्त लाभ पहुंचाया जा रहा है लेकिन छोटे उद्योगों और कारोबारियों की चिंता नहीं की जा रही। सरकारी पद खाली पड़े हुए हैं लेकिन प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। इनकी सरकार में लगातार गैस के दाम बढ़े हैं। चुनाव से पहले दाम कम कर दिए हैं भाजपा क्या जनता को बेवकूफ समझती है? जितनी गरीबी आज गांव में है उतनी ही शहर में है। महंगाई को रोकने का कोई भी प्रयास इस भाजपा सरकार के द्वारा नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हम किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य 2600 रूपये देंगे और उसे बढ़ाकर 3000 रू. तक करेंगे। हम सरकारी परीक्षाओं की फीस माफ करने का काम करेंगे। एससी एसटी और ओबीसी के बैकलॉग पदों को भरने का काम करेंगे। हम प्रत्येक महिला को 1500 रूपये महीने सम्मान राशि देंगे, हम 500 रूपये में गैस का सिलेंडर देंगे, पुरानी पेंशन लागू करेंगे, 2 लाख सरकारी पदों को भरने का काम हमारी सरकार करेगी और बेरोजगार युवाओं को 3000 तक की आर्थिक मदद की जाएगी।

इतनी महंगाई में दिवाली कैसे मनाएंगे..?

श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि दिवाली का समय है, लेकिन महंगाई इतनी चरम पर है कि हम अपने त्योहारों को भी अच्छे से नहीं मना पाते हैं। विराट की सेंचुरी की तरह प्याज के दामों ने भी शतक लगा दिया है।

मोदी जी ने क्या पैथोलॉजी लैब खोल ली है।

प्रियंका ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कांग्रेस नेताओं का खून खराब होने को लेकर की गई टिप्पणी पर तंज कसते हुए कहा कि मुझे नहीं पता था, मोदी जी ने खून की जांच करने वाली पैथोलॉजी लैब खोल ली है।

मप्र में दो लाख सरकारी पद खाली।

प्रियंका ने कहा कि बीजेपी की मप्र सरकार ने बीते तीन साल में केवल 21 लोगों को रोजगार दिया है जबकि दो लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं, उन्हें भरने का कोई प्रयास नहीं किया गया।भाजपा की सरकार ने हर जगह घोटाला किया है। इस सरकार का ध्यान केवल घोटाला करने में रहता है। घोटालों की लिस्ट इतनी लंबी हो गई है की अब गिनना ही छोड़ दिया है।

लाडली बहना योजना पर उठाए सवाल।

उन्होंने लाडली बहना योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मप्र में हर दिन 17 महिलाओं के साथ दुष्कर्म हो रहे हों, ऐसे में लाडली बहना योजना का क्या औचित्य है..? पहली जरूरत महिलाओं की सुरक्षा है। प्रियंका ने लोगों से आह्वान किया कि वे भारतीय जनता पार्टी के 18 साल के शासन का हिसाब मांगे, उनसे सवाल पूछिए कि उन्होंने आपकी बेहतरी के लिए क्या किया..?

जागरूक बनें, सही का चुनाव करें।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोगों से कहा कि हमें आपका वोट नहीं आपकी जागरूकता चाहिए। आप जागरूक बनेंगे तो भारतीय जनता पार्टी घोटाला नहीं कर पाएगी और ना ही आपका ध्यान भटकाकर वोट ले पाएगी।
आपकी जागरूकता ही आपको बचा सकती है। आगामी 17 तारीख को मतदान के दिन आपको कांग्रेस के वचन पत्र को ध्यान में रखकर वोट करना है, जिससे एक अच्छी सरकार मप्र में बने, प्रदेश का विकास हो और आपका सब नौजवानों का भविष्य उज्जवल बने।

सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा 05 के कांग्रेस प्रत्याशी सत्यनारायण पटेल ने कहा कि उनके क्षेत्र की जनता समस्याओं से त्रस्त है।अवैध कॉलोनियों को वैध नहीं किया गया। वहां विकास कार्य नहीं किए गए। हमें इस हालात को बदलना है। सभा को पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने भी संबोधित किया।

सभा में वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, सुरेश पचौरी, शोभा ओझा सहित अन्य नेता और इंदौर जिले की तमाम विधानसभा सीटों के प्रत्याशी भी मौजूद थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *