राजेंद्र नगर क्षेत्र में निकाली गई गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा

  
Last Updated:  September 20, 2023 " 01:02 pm"

20 से भी अधिक संस्थाएं मिलकर मना रही हैं सार्वजनिक गणेशोत्सव।

इंदौर : राजेंद्र नगर क्षेत्र की 20 से भी अधिक सामाजिक , सांस्कृतिक, धार्मिक संस्थाओं और रहवासी संघों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित सार्वजनिक गणेशोत्सव में विघ्नहर्ता गणपति की स्थापना के पूर्व राजेंद्र नगर, धनवंतरी नगर क्षेत्र में विशाल शोभायात्रा निकाली गई जिसमे शहर के प्रमुख संत सदगुरु अण्णा महाराज, बाबा साहेब तरानेकर, राऊ भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा, एमआयसी सदस्य अभिषेक बबलू शर्मा, पार्षद प्रशांत बडवे सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

गणेशोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष समीर पानसे ने बताया कि सिद्धि विनायक गणेश मंदिर, तरुण मंच, संस्था ब्रह्म चेतना, महाराष्ट्र समाज वैशाली नगर, महाराष्ट्र मंडल, आध्यात्मिक साधना मंडल के साथ 20 से भी अधिक संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित गणेशोत्सव में बुधवार को क्षेत्र में गणेशजी की स्थापना विशाल शोभायात्रा के साथ की गई। सिद्धि विनायक गणेश मंदिर धनवंतरी नगर से निकली शोभायात्रा में ढोल नगाड़ों के साथ महिलाओं व युवाओं की टोलियां लेजिम और फुगड़ी नृत्य करते हुए चल रहीं थीं। पुरुष अपने हाथों में विशाल भगवा ध्वज लिए चल रहे थे। सजी धजी खुली जीप में गणपति बप्पा की आकर्षक मूर्ति रखी गई थी, जिसका स्वागत मार्ग में जगह जगह पुष्प वर्षा से और आरती उतारकर किया गया ।

राजेंद्र नगर, धनवंतरी नगर के मुख्य मार्गों पर भ्रमण के बाद सिद्धि विनायक गणेश मंदिर पहुंचकर शोभायात्रा समाप्त हुई। यहां गणेशजी की स्थापना पूर्ण विधि विधान के साथ की गई।

20 सितंबर बुधवार को रात्रि 8 बजे सिद्धि विनायक गणेश मंदिर धनवंतरी नगर के सभागृह में इंदौर के ख्यात गायक गौतम काले अपने 40 से भी अधिक शिष्यों के साथ स्वर समय चक्र कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। दिन के 8 प्रहारों में गाए जाने वाले शास्त्रीय संगीत के राग रागिनियों पर आधारित इस अनूठे कार्यक्रम में समस्त रागों की जानकारी देने के साथ ही उन रागों पर आधारित प्रचलित गीत, भजन , फिल्मी गीतों को भी गा कर सुनाया जाएगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *