रामसर साइट सिरपुर तालाब पर मनाया जाएगा विश्व आर्द्र भूमि दिवस

  
Last Updated:  February 2, 2024 " 01:04 am"

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि।

इंदौर : रामसर साइट सिरपुर तालाब पर शुक्रवार 2 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय वेटलैंड दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के बतौर शिरकत करेंगे। अंतरराष्ट्रीय रामसर सचिवालय की महासचिव डॉ. मुसोंदा मुंबा विशेष अतिथि होंगी। केंद्रीय पर्यावरण राज्यमंत्री अश्विनी चौबे और नगरीय प्रशासन मंत्री मप्र कैलाश विजयवर्गीय भी कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

देशभर की रामसर साइट्स के प्रतिनिधि करेंगे शिरकत।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में देशभर की 75 रामसाइट्स के प्रतिनिधि और देश – विदेश के पारिस्थितिकी विशेषज्ञ भाग लेंगे। पर्यावरण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन और इनसे जुड़े अन्य मुद्दों पर कार्यक्रम में चर्चा होगी।

प्रतिवर्ष दो फरवरी को मनाया जाता है विश्व वेटलैंड डे ।

बता दें कि प्रति वर्ष 2 फरवरी को वर्ल्ड वेटलैंड डे अर्थात विश्व आर्द्र भूमि दिवस मनाया जाता है। वेटलैंड अर्थात आर्द्र भूमि उसे कहते हैं जहां पानी और जमीन एक साथ मौजूद होते हैं। ऐसी जगह जिसमें बहुत ज्यादा नमी पाई जाती है। ये जगह झील, तालाब या नदी किनारे का हिस्सा हो सकती है। आर्द्र भूमि में जीव जंतु, वनस्पतियां और औषधीय पौधे बड़ी मात्रा में पाए जाते हैं। इनके सरंक्षण के उद्देश्य से ही वर्ल्ड वेटलैंड डे याने विश्व आर्द्र भूमि दिवस मनाया जाता है। 2 फरवरी 1971 को ईरान के रामसर में वेटलैंड कन्वेंशन को अपनाया गया था। 1975 में इसे लागू किया गया। भारत ने 1982 में इस संधि पर हस्ताक्षर किए थे। पहली बार वर्ल्ड वेटलैंड डे 2 फरवरी 1997 को मनाया गया। तभी से यह सिलसिला जारी है।

ये होती है रामसर साइट्स।

रामसर साइट्स ऐसे वेटलैंड हैं जिन्हें यूनेस्को के रामसर कन्वेशन के तहत पंजीकृत किया जाता है। इंदौर में सिरपुर तालाब और यशवंत सागर को रामसर साइट्स का दर्जा प्राप्त है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *