रूसी राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ वैगनर समूह ने किया विद्रोह

  
Last Updated:  June 24, 2023 " 08:23 pm"

रूसी सेना मुख्यालय पर कब्जे का किया दावा।

राष्ट्रपति पुतिन ने विद्रोहियों को दी अंजाम भुगतने की धमकी।

मास्को : यूक्रेन में रूस की ओर से लड़ रहे वैगनर समूह ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ विद्रोह का बिगुल बजा दिया है। वैगनर समूह ने रूसी सेना के दक्षिणी सैन्य मुख्यालय पर कब्जे का दावा करते हुए मास्को की ओर कूच करने का ऐलान किया है। वैगनर समूह के विद्रोह के बाद हालात बेकाबू हैं। तख्तापलट की आशंका में घिरे राष्ट्रपति पुतिन ने मास्को की किलेबंदी करते हुए बड़ी तादाद में टैंक और रूसी सैनिकों को तैनात कर दिया है।राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विद्रोह करने वालों को अंजाम भुगतने की भी धमकी दी है। पुतिन ने वैगनर के विद्रोह को देखते हुए मॉस्को में एक आपात बैठक भी बुलाई।

पुतिन ने रूसी नागरिकों, सेना और सुरक्षा एजेंसियों को संबोधित करते हुए कहा कि रूसी अधिकारी रूस में दोबारा विभाजन नहीं होने देंगे, लोगों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि रात में सभी दिशाओं के सैन्य कमांडरों से बात की, सेना बहादुरी से लड़ रही है। उन्होंने वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन को निशाने पर लेते हुए कहा कि अत्यधिक महत्वाकांक्षाओं के कारण रूस के खिलाफ विद्रोह हुआ। पुतिन ने दो टूक लहजे में कहा कि विद्रोह के प्रयास के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को सजा का सामना करना पड़ेगा, उन्हें कानून और लोगों को जवाब देना होगा।

रूसी सेना के मुख्यालय पर कब्जे का दावा।

वैगनर प्रमुख प्रिगोझिन ने रूस के दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में रूसी सेना मुख्यालय पर कब्जे का दावा किया है। उनका कहना है कि उनके लड़ाकों ने शहर के सैन्य स्थलों पर नियंत्रण कर लिया है। रोस्तोव में एक हवाई अड्डा सहित कई सैन्य स्थल हमारे नियंत्रण में हैं।

सूत्रों के मुताबिक रूसी समाचार एजेंसी तास ने क्रेमलिन के हवाले से कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही टेलीविजन पर एक संबोधन देंगे। इससे पहले, क्रेमलिन ने कहा था कि वैगनर समूह और रक्षा मंत्रालय के बीच सामने आ रहे तनाव के बारे में पुतिन को नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है। क्रेमलिन के प्रवक्ता ने रूसी समाचार एजेंसियों से कहा कि सुरक्षा सेवाएं और कानून प्रवर्तन एजेंसियां चौबीसों घंटे राष्ट्रपति को रिपोर्ट कर रहे हैं।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने वैगनर लड़ाकों से अपील करते हुए कहा है कि उन्हें येवगेनी प्रिगोझिन ने धोखा दिया और आपराधिक काम में घसीटा। मंत्रालय ने कहा कि वैगनर समूह की कई टुकड़ियों को अपनी गलती का एहसास हो चुका है। वह यह सुनिश्चित करने में मदद मांग रहे हैं कि वे अपने स्थायी बेस पर सुरक्षित लौट सकें। मंत्रालय पहले ही इन सभी लड़ाकों और कमांडरों को ऐसी सहायता प्रदान कर चुका है।
रूसी रक्षा मंत्रालल ने वैगनर समूह के लड़ाकों को अपने प्रतिनिधियों और कानून प्रवर्तन सेवाओं से संपर्क करने का आग्रह किया और उनकी सुरक्षा की गारंटी देने का भी वादा किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *