सभी दूध डेयरियों में दूध की गुणवत्ता(फेट) चेक करने की मशीनें लगाना अनिवार्य

  
Last Updated:  February 10, 2024 " 06:33 pm"

उपभोक्ताओं के हित में जिला प्रशासन का बड़ा निर्णय।

मानव जीवन के लिए असुरक्षित व अमानक खाद्य पदार्थों का निर्माण और विक्रय करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा – कलेक्टर

आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के साथ ही होगी सख्त कार्रवाई।

मिलावट से मुक्ति अभियान को गति देकर अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

मिलावट संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिये व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर जारी।

जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक संपन्न।

इंदौर : कलेक्टर आशीष सिंह ने सख्त हिदायत दी है कि मानव जीवन के लिए असुरक्षित व अमानक खाद्य पदार्थों का निर्माण और विक्रय करने वालों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा। उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए आपराधिक प्रकरण भी कायम किये जाएंगे। मिलावट से मुक्ति अभियान को गति देकर और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।इंदौर में दुग्ध विक्रय करने वाली सभी डेयरियों में दूध की गुणवत्ता (फेट) चेक करने की मशीनें लगाना अनिवार्य होगा। इस संबंध में धारा-144 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जा रहे हैं। मिलावट संबंधी सूचनाएं प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक संपन्न में इस आशय के निर्णय लिए गए।बैठक में अपर कलेक्टर गौरव बेनल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने इंदौर जिले में मिलावट से मुक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अभियान को गति देकर और अधिक प्रभावी बनाया जाए। अभियान समग्र रूप से हो, इसके लिये कैलेण्डर बनाकर सेम्पल लेने की कार्रवाई की जाए। हर तरह के खाद्य पदार्थों की जाँच हो। सभी तरह के खाद्य पदार्थ जाँच के दायरे में लिए जाएं। असुरक्षित तथा अमानक खाद्य पदार्थ बनाने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाए।

मिलावट संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिये व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर जारी।

मिलावट संबंधी जानकारी एकत्रित करने के लिए व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर जारी किया गया है। यह नम्बर 9406764084 है। इस व्हाट्सएप नम्बर पर कोई भी व्यक्ति मिलावट संबंधी जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को दे सकता है।इसके साथ ही नगर निगम के एप-311 व एक अन्य एप आहार में भी सूचनाएं एकत्रित करने की व्यवस्था की जा रही है।

बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि दूध विक्रय करने वाले सभी डेयरियों में दूध की गुणवत्ता चेक करने के लिए मशीनें लगाना अनिवार्य रहेगा। इसके लिए धारा-144 के तहत आदेश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने दूध से निर्मित खाद्य पदार्थों की जाँच के लिये भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में समीक्षा के दौरान बताया गया कि मिलावट से मुक्ति अभियान के अन्तर्गत गत एक वर्ष में अमानक तथा असुरक्षित 8203 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसका मूल्य लगभग 11 लाख रूपये है। न्यायालयीन कार्रवाई के तहत 91 प्रकरण दर्ज कराए गए। इसमें से 61 प्रकरणों में निर्णय हुआ। इन प्रकरणों में 70 लाख रूपये का अर्थदण्ड किया गया।

बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने ईट राइट चैलेंज प्रतियोगिता के तहत इंदौर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शासकीय और अशासकीय संस्थाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। बताया गया कि इंदौर जिला ईट राइट चैलेंज प्रतियोगिता में शामिल हुआ है। उम्मीद है कि इंदौर जिले को देश में पहला स्थान मिलेगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *