सुपर स्वच्छ लीग में सर्वोच्च अवॉर्ड हासिल कर लौटे महापौर व स्वच्छता टीम का जोरदार स्वागत

  
Last Updated:  July 18, 2025 " 08:07 pm"

इंदौर वाराणसी को सिखाएगा स्वच्छता का पाठ।

इंदौर की जनता व सफाई मित्रांे के सहयोग से इंदौर स्वच्छता में सिरमौर-महापौर।

इंदौर सफाई के नवाचारों से देश के अन्य शहरों को भी पढ़ाएगा स्वच्छता का पाठ : निगमायुक्त

सफाई मित्रों के स्वास्थ्य के लिये 1 हजार रुपए की घोषणा।

इंदौर : स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रैंकिंग से भी ऊपर सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में भी इंदौर ने देशभर प्रथम स्थान प्राप्त कर शीर्ष पर रहने के अपने रिकॉर्ड को लगातार आठवें वर्ष भी बरकरार रखा। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों देश के स्वच्छतम शहर का अवॉर्ड लेकर शुक्रवार को इंदौर लौटे महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त शिवम वर्मा व स्वच्छता टीम का विमानतल पर भव्य स्वागत किया गया।

इसके बाद महापौर भार्गव, निगमायुक्त वर्मा और स्वाथ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल सहित स्वच्छता की पूरी टीम स्वच्छता रथ पर सवार होकर बैण्ड-बाजे व ढोल ताशों की गूंज के बीच बड़ा गणपति, मल्हारगंज, खजूरी बाजार होते हुए राजबाडा पर पहुंचे। मार्ग में कई स्थानों पर लगे मंचों से महापौर, निगमायुक्त और स्वच्छता टीम का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

राजवाड़ा पर महापौर सहित स्वच्छता टीम की बेसब्री से प्रतीक्षा की जा रही थी। जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, नगर निगम के अधिकारी – कर्मचारी, स्वच्छता मित्र, स्वच्छता दीदियां और एनजीओ से जुड़े कार्यकर्ता यहां मौजूद थे।

राजवाड़ा पर किया गया जोरदार स्वागत।

स्वच्छता टीम के राजबाडा पहुंचते ही उनका जोरदार स्वागत करने के साथ ही जमकर आतिशबाजी की गई और लड्डुओं का वितरण किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त शिवम् वर्मा ने स्वच्छतम शहर के आठवीं बार मिले अवॉर्ड के साथ सफाई मित्र और सफाई दीदियों के बीच पहुंचकर फोटो खिंचवाएं।

यहां मंच पर मौजूद सांसद शंकर लालवानी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मैन्दोला, महेन्द्र हार्डिया और मधु वर्मा व पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे ने महापौर भार्गव, निगमायुक्त शिवम् वर्मा और पूरी स्वच्छता टीम का अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई दी। निगम सभापति मुन्नालाल यादव, महापौर परिषद सदस्य राजेन्द्र राठौर, अभिषेक शर्मा, श्रीमती प्रिया डांगी, नंदकिशोर पहाडिया, मनीष शर्मा, सचेतक कमल वाघेला, क्षेत्रीय पार्षद रूपाली पेंढारकर व बडी संख्या में सफाई मित्र, निगम अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी इस दौरान उपस्थित थे।

अष्टसिद्धि का संकल्प पूरा हुआ।

इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हमने विगत वर्ष सफाई में अष्टसिद्धि का जो संकल्प लिया था, उसे शहर की जनता व सफाई मित्रों के सहयोग से पूरा किया है। यह सम्मान सुपर से भी ऊपर है। जनता, सफाई मित्र, निगम अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया बंधु, एमआईसी सदस्य, पार्षद व स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से इंदौर लगातार आठवीं बार देश में स्वच्छता का सिरमौर बना है।

उन्होने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरूआती दौर में 77 नगरीय निकायों ने हिस्सा लिया था, जो वर्तमान में बढकर 4775 से अधिक हो चुके हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण अब एक बहुत बड़ी प्रतियोगिता हो गई है, जिसमें देश के इतने नगरीय निकाय भाग ले रहे हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री के मिशन व विजन के साथ प्रदेश के 8 शहर स्वच्छ सर्वेक्षण में उच्च स्थान पर आये हैं। महापौर ने कहा कि आनेवाले समय में कई नवाचार कर हम इंदौर को नवसिद्धि के मुकाम पर भी पहुंचाएंगे।

महापौर भार्गव ने इंदौर को सतत् स्वच्छता में शीर्ष स्थान दिलाने वाले सफाई मित्रों को स्वास्थ्य के लिए 1 हजार रुपए प्रतिमाह प्रदान करने की भी घोषणा की।

सांसद शंकर लालवानी ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री ने जब लाल किले से स्वच्छता का आह्वान किया था, तब इंदौर ने इसे स्वच्छता का जन आंदोलन बनाया और देश में लगातार आठवीं बार स्वच्छता में सिरमौर बना है। मध्य प्रदेश के 8 से अधिक शहरों को स्वच्छता सम्मान प्राप्त हुआ है, उन सभी सहयोगियों को मै बधाई देता हॅू।

भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि इंदौर को अपने शहर के साथ ही घाटों की नगरी वाराणसी की भी सफाई का जिम्मा मिला है, यह हमारे लिये गौरव की बात है। इंदौर के सफाई मित्र व स्वच्छता की टीम जो लगातार रात-दिन एक होकर सफाई कार्य में लगी रहती है, ऐसे टीम को मैं बधाई देता हॅू।

निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने कहा कि निगम के सफाई मित्रों व स्वच्छता टीम के प्रयासों से इंदौर सफल हुआ है। इंदौर अपने नवाचारों से देश के अन्य शहरों को भी स्वच्छता का पाठ पढाएगा।

अंत में स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने आभार माना। इसके पूर्व महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त शिवम् वर्मा ने अहिल्या उद्यान पहुंचकर मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *