अगले बरस जल्दी आने के आग्रह के साथ बप्पा को दी गई विदाई

  
Last Updated:  September 12, 2019 " 01:37 pm"

इंदौर : 11 दिनों तक भक्तिभाव के साथ आराधना करने के बाद गुरुवार (12 सितंबर) को गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई दी गई। घरों, दफ्तरों और सार्वजनिक पांडालों में विराजित मंगलमूर्ति का विधिवत पूजन और आरती कर उन्हें विदा किया गया। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ की गूंज दिनभर सुनाई देती रही।

नगर- निगम ने एकत्रित की प्रतिमाएं।

जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए इंदौर नगर निगम ने जगह- जगह मंच लगाकर गणेश प्रतिमाएं एकत्रित करने के साथ पानी से भरे कुंड भी रखवाए थे। माटी की गणेश प्रतिमाओं का लगे हाथ इन कुंडों में विसर्जन कर दिया गया। पीओपी की प्रतिमाओं का विसर्जन जवाहर टेकरी पर किया जाएगा।

मीडिया कर्मियों ने भी दी बप्पा को विदाई।

इंदौर प्रेस क्लब में भी मंगलमूर्ति श्री गणेश की स्थापना की गई थी। 11 दिनों तक मीडियाकर्मियों ने गणनायक की मनोयोग से उपासना की। गुरुवार को अंतिम दिन पूजन महाआरती के बाद गणपति बप्पा मोरया की गूंज के साथ बप्पा को विदाई दी गई। महाआरती में प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद तिवारी, कोषाध्यक्ष दीपक कर्दम, कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप जोशी, अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी शामिल हुए।

पालदा के राजा का मुम्बई में होगा विसर्जन।

पालदा के राजा श्री गजानन को भी भक्तिभाव के साथ विदा किया गया।इस दौरान हजारों भक्तगण मौजूद रहे। पालदा के राजा को मुम्बई ले जाकर विधि विधान के साथ समुद्र में विसर्जित किया जाएगा।

रात को निकलेगा झिलमिल झांकियों का कारवां।

अनंत चौदस पर गुरुवार रात गणेश विसर्जन चल समारोह के तहत नयनाभिराम झांकियों का कारवां निकलेगा। पांच कपड़ा मिलों की झांकियों के अलावा नगर निगम, आईडीए, कनकेश्वरी इंफोटेक आदि संस्थाओं की झांकियां भी चल समारोह में शामिल होंगी। खजराना गणेश की झांकी सबसे आगे रहेगी। झांकियों के साथ अखाड़ों के कलाकार भी करतब दिखाते हुए चलेंगे। जिला व पुलिस प्रशासन ने चल समारोह के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे जुलूस मार्ग को सेक्टरों में बांटकर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। दो हजार से अधिक का पुलिस बल जुलूस मार्ग पर भीड़ को नियंत्रित करेगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *