मुंबई : ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में पेरेंट्स पर भद्दे कमेंट्स के मामले में यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया और समय रैना के खिलाफ मुंबई में 2 दिन में दूसरी FIR दर्ज हुई। यह कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस की साइबर ब्रांच ने की है।इसके अलावा इंदौर में भी उनके खिलाफ एफआईआर के लिए आवेदन दिया गया।
मुंबई में रणवीर और समय के अलावा इस शो के उन 30 गेस्ट के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है, जिन्होंने पहले एपिसोड से अब तक के शो में हिस्सा लिया था।
वहीं, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो पर बैन के लिए गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह के शो देश के युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं।
महिला आयोग ने भी अलाहबादिया, समय रैना और अन्य को समन भेजा है। सभी को 17 फरवरी को एनसीडब्ल्यू कार्यालय बुलाया गया है।
इस बीच, मुंबई के वर्सोवा में मंगलवार सुबह यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया के घर 5 पुलिस अफसरों की टीम पहुंची। मुंबई पुलिस ने 10 फरवरी को शो के होस्ट समय रैना, रणवीर अलाहबादिया और अपूर्वा मखीजा समेत शो के आयोजकों पर केस दर्ज किया था।
नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) की मांग पर यूट्यूब ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के विवादित एपिसोड को हटा लिया है।









