इंदौर : कोरोना संक्रमण का सिलसिला फिलहाल थमता नहीं दिख रहा है।हालांकि 80 फीसदी से ज्यादा सैम्पल निगेटिव पाए जा रहे हैं। शुक्रवार के जो आंकड़े सीएमएचओ कार्यालय ने जारी किए हैं, उनके मुताबिक 311 सैम्पल्स की जांच में 255 सैम्पल निगेटिव पाए गए। 56 सैम्पल पॉजिटिव निकले। इन्हें मिलाकर इंदौर में अभी तक 1085 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 56 मरीजों की मौत हो चुकी है। 107 कोरोना वीर ठीक होकर घरों को लौट चुके हैं, जबकि 921 का विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
सभी पॉजिटिव यलो अस्पतालों में थे भर्ती।
सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दिनों जो भी पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं, उनकी पहले ही संपर्क हिस्ट्री पाई गई है। वे या तो क्वारनटाइन किए गए थे या उन्हें यलो श्रेणी के अस्पतालों में रखा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें रेड जोन श्रेणी के कोरोना के उपचार के लिए चिन्हित अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है।नौ सौ से अधिक मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। ज्यादातर की हालत में सुधार है।
संस्थागत क्वारन टाइन से 140 की छुट्टी।
होस्टल्स, मैरिज गार्डन आदि स्थानों पर क्वारनटाइन में रखे गए लोगों में से शुक्रवार को 140 को घर भेज दिया गया। इनकी क्वारन टाइन अवधि पूरी हो गई थी।अब 814 लोग संस्थागत क्वारनटाइन में रह गए हैं।
कोरोना से अब तक 56 मौतें।
इंदौर में कोरोना से एक और मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। इसे मिलाकर अब तक 56 मरीज कोरोना से अपनी जान गंवा चुके हैं।