खंडवा और खरगौन को बनाएंगे बिजली का हब, सीएम शिवराज ने किया ऐलान, करोड़ों के विकास कार्यों की दी सौगात

  
Last Updated:  September 27, 2021 " 08:57 pm"

इंदौर : झिरण्या क्षेत्र के गांवों में उद्वहन सिंचाई योजना के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। खंडवा और खरगौन को बिजली का हब बनाया जाएगा। झिरण्या को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगौन ज़िले के झिरण्या में जनकल्याण और सुराज कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यक्रम में की। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ग़रीब के लिए पढ़ाई, रोज़ी-रोटी और मकान के लिए सरकार फ़िक्रमंद है। परिवार बड़े हो रहे हैं, ऐसे में हर ग़रीब और आवासहीनों को मकान के लिए ज़मीन मुहैया करायी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पूर्व सरकार ने गरीबों के लिए सम्बल योजना बंद कर उनके मुँह से निवाला छीन लिया था। अब यह योजना फिर से प्रारंभ कर दी गई है।

स्व सहायता समूह की महिलाएं बनाएंगी यूनिफॉर्म।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सरकार के ख़ज़ानें में गरीबों के लिए राशि की कोई कमीं नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार माता-बेटी और बहनों को आगे बढ़ाना चाहती है। इसलिए हमने स्थानीय निकायों में महिलाओं का आरक्षण बढ़ा दिया था। उन्होंने कहा कि बहनों के बनाए उत्पाद को बढ़ावा दिया जाएगा। स्व सहायता समूह की महिलाओं को रोज़गार के भरपूर अवसर मुहैया कराए जाएंगे। स्कूलों के यूनिफॉर्म स्वसहायता समूह की महिलाएँ ही बनाएंगी। इसमें कोई ठेकेदार नहीं होगा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में जनजातीय कल्याण के लिए पैसा एक्ट लागू किया जाएगा। दूरदराज़ के गांवों में राशन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। घरों में जाकर गरीबों को राशन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने झिरण्या क्षेत्र में जन प्रतिनिधियों द्वारा रखी गई विभिन्न माँगो को पूरा करने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में कृषि मंत्री कमल पटेल और सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने भी अपने विचार रखे।

321 करोड़ 80 लाख की लागत के विद्युत उपकेंद्रों का किया लोकार्पण।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनकल्याण और सुराज अभियान के तहत विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ एवं आपूर्ति को सुलभ बनाने के लिए 321 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत के 16 विद्युत उप-केन्द्रों का लोकार्पण और 13 उप केन्द्रों का भूमि पूजन किया। इसी प्रकार उन्होंने मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना एवं निर्माण श्रमिकों के लिए सहायता योजना में 14 हजार 475 श्रमिकों के खाते में 321 करोड़ 35 लाख की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। मुख्यमंत्री चौहान ने खरगोन जिले के लिए 173 करोड़ रूपये की लागत के 71 विकास कार्यो का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने कन्याओं का पाद पूजन किया वहीं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया। उन्होने कोरोना महामारी के नियंत्रण के दौरान उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने वाले सेवकों को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में उर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व श्रम मंत्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह वर्चुअल रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व विधायक जीतू जिराती, बाबूलाल महाजन और धूलसिंह डाबर, राजेन्द्र राठौर, रुकमा बाई, प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे, प्रमुख सचिव श्रम सचिन सिन्हा, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, आईजी हरिनारायणचारी मिश्र, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर और खरगोन कलेक्टर पी अनुग्रह भी उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *