गैस सिलेंडर में धमाके से मकान ढहा, चार झुलसे, दो घायल

  
Last Updated:  February 20, 2020 " 06:20 pm"

इंदौर : शहर के न्यू गौरी नगर में गुरुवार सुबह जोरदार धमाके के साथ गैस सिलेंडर फटने से मकान ढह गया। सिलेंडर फटने से लगी आग में मकान में रह रहे चार लोग झुलस गए। इनमें एक महिला शामिल है। धमाके से आसपास के दो और पीछे स्थित एक अन्य मकान की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा। दीवारें गिरने से दो लोग घायल भी हुए हैं। आग में झुलसे और दीवार गिरने से घायल लोगों का एमवाय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये दिल दहला देने वाला हादसा पप्पू सेठ के मकान में हुआ। वे पहली मंजिल पर रहते हैं। तल मंजिल पर किराएदार परिवार रहता है। मूलतः झांसी के रहने वाले इस परिवार में कमलेश, उसकी पत्नी भागवंतीबाई, दो बेटे आकाश व रोहित और उसका साला सुनील हैं।
बताया जाता है कि कमलेश कुछ दिनों से झांसी गया हुआ था। गुरुवार सुबह उसकी पत्नी भागवंतीबाई ने जैसे ही गैस का चूल्हा जलाने का प्रयास किया, आग लगने के साथ ही जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। आग में भागवंतीबाई, उसके दोनों बेटे आकाश व रोहित और भाई सुनील झुलस गए। चारों को तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया। भागवंतीबाई और दोनों बेटों की हालत गंभीर बताई गई है।

धमाके में मकान ढहा, आस पास के घरों को भी हुआ नुकसान।

सिलेंडर में हुए धमाके में भागवंतीबाई जिस मकान में रहती थी, वह बुरीतरह क्षतिग्रस्त हो गया। पड़ौस के दो मकानों की दीवारें भी धमाके में गिर गई।मलबे की चपेट आकर पड़ौसी दिलीप गुर्जर और विक्रम पण्डित के घरों की दीवारें भी गिर गई। मलबे की चपेट में आकर उनके यहां किराए से रहने वाले धर्मेंद्र और रघुवीरसिंह नामक दो भाई घायल हो गए। उनका भी एमवायएच में इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा पीछे स्थित गोरेलाल माली के घर की दीवार भी धमाके में टूट गई, हालांकि वहां कोई घायल नहीं हुआ। पता चला है कि भागवंतीबाई के घर में रातभर सिलेंडर से गैस रिसती रही पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। सुबह उठने के बाद चूल्हा जलाने के लिए लाइटर जलाते ही ये भयावह हादसा हो गया। मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवान पहुंच गए थे। मामले की जांच की जा रही है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *