दुनिया में मंदी के बावजूद मोदीजी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था सशक्त है – विजयवर्गीय

  
Last Updated:  December 27, 2022 " 01:09 pm"

भारतीय जनता पार्टी मीडिया विभाग के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न।

कैलाश विजयवर्गीय, विकास दवे, भगवानदास सबनानी, लोकेंद्र पाराशर, अनिल पटेल और हितानंद शर्मा ने किया सत्र को संबोधित।

मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं का ध्येय वाक्य “शुद्ध सात्विक प्रेम अपना कार्य का आधार है” होना चाहिए- विकास दवे ।

इंदौर : भारतीय जनता पार्टी के मीडिया विभाग का संभाग स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग इंदौर के महावीर बाग में संपन्न हुआ। सभी प्रशिक्षणार्थियों का पंजीयन कर उन्हें पार्टी का साहित्य भी प्रदान किया गया उसके बाद सभी का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

उद्घाटन सत्र में उपस्थित सभी वरिष्ठ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सत्र का शुभारंभ किया।

बढ़ता मध्यप्रदेश बढ़ता भारत विषय पर संपन्न हुए इस सत्र की अध्यक्षता भाजपा राजनीतिक प्रतिपुष्टि विभाग के प्रदेश सह संयोजक निशांत खरे ने की। सत्र के मुख्य वक्ता कैलाश विजयवर्गीय थे। सत्र को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि जब मुझे इस विषय पर बोलने को कहा गया तो मुझे इस पर अध्ययन करने की आवश्यकता नहीं पड़ी, क्योंकि मध्यप्रदेश में 2003 से लेकर अब तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही जिसमें विकास की गौरव गाथा लिखी। फिर देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने देश के कोने कोने में विकास की गंगा बहा रखी है। आदिवासी क्षेत्र से आए अभय से जब कैलाश विजयवर्गीय ने पूछा कि 2003 से पहले और 2003 के बाद क्या परिवर्तन आया तो प्रशिक्षणार्थी ने कहा कि पहले सड़क में गड्ढे थे या गड्ढों में सड़क पता नहीं चलता था। एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में पहले घंटों लगते थे अब वही सफर आधे समय में तय हो जाता है। जिससे समय एवं ईंधन दोनों की बचत होती है। 2003 के पहले खेती के लिए मात्र 2 घंटे बिजली मिलती थी अब 10 घंटे बिजली मिल रही और घरेलू उपयोग के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध रहती है। विजयवर्गीय ने आगे कहा कि भाजपा की सरकार ने यह तय किया कि किसानों को उनके उत्पादन का सही मूल्य मिले इसके लिए सरकार ने व्यवस्थाएं की। 2003 से पहले कोई सरकार एमएसपी लागू नहीं कर पाई थी , केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने किसानों की जरूरतों का ध्यान रखा कि आयात और निर्यात में किसान का नुकसान ना हो।पूरे विश्व में आर्थिक मंदी के हालात हैं परंतु भारत में पीएम मोदी के नेतृत्व में ऐसा अर्थ चक्र चल रहा है, जिसके कारण देश की आर्थिक व्यवस्था सशक्त है। विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी के मीडिया विभाग का कार्य सकारात्मकता के साथ प्रभावी ढंग से सरकार और संगठन के कार्यों को मीडिया के बीच रखना है।

द्वितीय सत्र जिसका विषय समाचार निर्माण व प्रेषण था, की अध्यक्षता सांसद शंकर लालवानी ने की। सत्र के मुख्य वक्ता साहित्य कला अकादमी के निदेशक विकास दवे ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा संगठन में कार्यकर्ता सर्वोपरि है। अन्य दल में कार्यकर्ताओं को इतना महत्व नहीं दिया जाता। हमारे कार्यकर्ता जो कार्य करते हैं उसे और अच्छे तरीके से करने हेतु प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। प्रशिक्षण विषय केंद्रित होना चाहिए।पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी दोनों ही वृत्ति से पत्रकार रहे हैं। मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं को पत्रकारों से मित्रता पूर्ण व्यवहार करना चाहिए। शुद्ध सात्विक प्रेम अपने कार्य का आधार है, वाक्य को हमेशा ध्यान रखते हुए हमें कार्य करना चाहिए। समाचार हमेशा आदर्श स्वरूप में देना चाहिए। मीडिया विभाग हमारे संगठन का आंख, नाक, कान है,जिसे हमेशा खुले रखना चाहिए। विकास दवे ने आदर्श समाचार किस प्रकार बनाया जाए इस पर भी अपने विचार रखें।

तृतीय सत्र की अध्यक्षता पंधाना के विधायक राम डांगोरे ने की। सत्र के मुख्य वक्ता भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी भगवानदास सबनानी रहे। उन्होंने हमारे विचार की विकास यात्रा विषय पर सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि 1925 में संघ की स्थापना से लेकर जनसंघ बनना हो या फिर जनता पार्टी या भारतीय जनता पार्टी, हमारी पार्टी ने कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया। जिस विचार को लेकर हमने शुरुआत की थी आज भी हम उसे लेकर चल रहे हैं।

चतुर्थ सत्र जिसका विषय मीडिया के साथ हमारा कार्य एवं व्यवहार था, की अध्यक्षता प्रदेश प्रवक्ता डॉ दिव्या गुप्ता ने की। मुख्य वक्ता प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर थे। सत्र को संबोधित करते हुए पाराशर ने कहा कि मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं को एक लक्ष्य को ध्यान में रखकर चलना चाहिए। उनका पहला कार्य पार्टी के साहित्य का अध्ययन कर ज्वलंत विषयों की पूरी जानकारी रखना है। मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं को अर्जुन की तरह होना चाहिए, जिसका ध्यान केवल अपने लक्ष्य पर केंद्रित हो। प्रशिक्षण वर्ग का काम सीखना होता है और भारतीय जनता पार्टी में प्रति क्षण प्रशिक्षण चलता रहता है।

पांचवे सत्र का विषय सोशल और डिजिटल मीडिया का बेहतर उपयोग था, जिसकी अध्यक्षता भाजपा नेता नरेंद्र सलूजा ने की। मुख्य वक्ता प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनिल पटेल ने सत्र को संबोधित करते हुए आईटी एवं सोशल मीडिया की विस्तृत जानकारी प्रशिक्षार्थियों को दी, जिसमें विभिन्न ऐप एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को लेकर कार्यकर्ताओं को जागरूक किया।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण की विधा में दो बातें मुख्य रूप से याद रखना चाहिए, पहला सीखना और दूसरा सिखाना। जब हम दायित्व पर होते हैं तो सोचना चाहिए कि उसके योग्य कैसे बना जाए। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए शर्मा ने कहा कि वह अपने मृत्यु वाले दिन भी बच्चों को सिखा ही रहे थे। हर व्यक्ति को हर समय सीखना चाहिए और प्रशिक्षण वर्गों में सीखने का वातावरण बनता है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुमित्राताई महाजन ने कहा कि स्वर्गीय उमेश शर्मा के नाम से यह सभागार रखा गया है। वह हमेशा अभ्यासरत रहते थे। उन्हें सभी विषय की पूरी जानकारी रहती थी इसलिए जीवन में पढ़ना बहुत जरूरी है, जिससे कि आपकी शब्द संपदा बढ़ती रहे।

राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन ने भी अपनी कविता के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, गोविंद मालू, गोपीकृष्ण नेमा, सुदर्शन गुप्ता, नगर मीडिया प्रभारी रितेश तिवारी ,सह मीडिया प्रभारी नितिन द्विवेदी एवं जिला मीडिया प्रभारी वरुण पाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *