बालिकाओं में सुरक्षा भाव जगाने के लिए इंदौर पुलिस ने की पहल

  
Last Updated:  December 12, 2023 " 08:03 pm"

सृजन – नई दिशा, नया गगन कार्यक्रम का पुलिस कमिश्नर ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम के तहत बालिकाओं को आत्मरक्षा के सिखाए जाएंगे गुर।

इंदौर : महिला अपराधों की रोकथाम, उनकी सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर मकरंद देऊस्कर द्वारा सृजन बालिका समूह कार्यक्रम का शुभारंभ, रक्षित केन्द्र इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन व ‘‘सृजन-नई दिशा नया गगन’’ के पोस्टर का अनावरण कर, किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) इंदौर मनोज कुमार श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) इंदौर मनीष कपूरिया, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) इंदौर जगदीश डावर, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-3 इंदौर पंकज पाण्डे, अति. पुलिस उपायुक्त ज़ोन-1 आलोक शर्मा, अति. पुलिस उपायुक्त ज़ोन-4 अभिनय विश्वकर्मा, अति. पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) श्रीमती प्रियंका डुडवे, महिला एवं बाल विकास अधिकारी रामनिवास बुधौलिया, रक्षित निरीक्षक दीपक कुमार पाटिल सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, शहर के विभिन्न बस्तियों/कॉलोनियों की कमजोर वर्ग की 12 से 18 वर्ष उम्र की करीब 250 बालिकाएं तथा अन्य पुलिस अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे ।

पुलिस उपायुक्त मुख्यालय जगदीश डावर ने बताया कि इस कार्य योजना को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए महिला सुरक्षा से संबंधित अधिकारी, अन्य महिला पुलिस अधिकारी/कर्मचारी एवं स्थानीय सामाजिक संगठनों से सहभागिता निर्मित कर, सर्वप्रथम कमजोर वर्ग की बस्तियों में जाकर 12 से 18 वर्ष की आयु की बालिकाओं का समूह विकसित करेंगे, जिनके साथ पुलिस अधिकारी एवं एनजीओ संवाद स्थापित कर सृजन प्रशिक्षण कैम्प आयोजित करेंगे। इन कैंपों में बालिकाओं को फिजिकल फिटनेस, मार्शल आर्ट, सेल्फ डिफेन्स, कानून का ज्ञान, हेल्थ एवं हाईजीन का ज्ञान, नैतिक शिक्षा, गुड सिटिजनशिप एजुकेशन, कैरियर गाईडेन्स प्रोग्राम इत्यादि का प्रशिक्षण व जानकारी देकर बालिकाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

बालिकाओं में सुरक्षा भाव जगाना कार्यक्रम का उद्देश्य।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर मकरंद देऊस्कर ने कहा कि इस सृजन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यही है कि बालिकाओं में सुरक्षा की भावना आए,उनका आत्मविश्वास बढे, महिलाएं सशक्त व स्वावलंबी हो। उनमें इतना आत्मविश्वास आ जाए कि वह जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित कर, भविष्य में कुछ बन सके तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों एवं उत्पीड़न के प्रति जागरूक हों।

उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं उनकी टीम के कार्यो की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में आई बालिकाओं ने अतिथि अधिकारियों का स्वागत किया। कुछ बालिकाओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ, आने वाला कल बेटियों का ही है, इस पर कविताएं भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन अति. पुलिस उपायुक्त श्रीमती प्रियंका डुडवे द्वारा किया गया। आभार रक्षित निरीक्षक दीपक कुमार पाटिल ने माना।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *