इंदौर : गोगानवमी उत्सव के चलते नगर निगम इंदौर के सभी सफाई मित्र सोमवार को अवकाश पर रहे। इस पर उनके सम्मान में जनभागीदारी से शहर भर में महा सफाई अभियान चलाया किया गया।
इसी क्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, प्रभारी स्वास्थ्य अश्विनी शुक्ला, जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू, पार्षद रूपाली पेंठारकर, अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठन तथा एनजीओ प्रतिनिधियों ने हाथों में झाड़ू थामकर राजवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान में चलाया।
शहर के विभिन्न वार्डों में भी विभिन्न रहवासी संगठन, बैंकिंग सेक्टर, सामाजिक संस्था एवं एनजीओ ने सफाई अभियान चलाकर जनभागीदारी से स्वच्छता का संदेश दिया।
प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझे।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस अवसर पर कहा कि “मैं भोपाल जा रहा था,लेकिन जनभागीदारी से इंदौर के इस सफाई अभियान में जुड़ने का निर्णय लिया। आज हमें सफाई मित्रों के अवकाश पर उनके स्थान पर काम करने का अवसर मिला, यह हमारे लिए गर्व की बात है। शहर हमें स्वच्छ वातावरण और जीवनदायिनी ऑक्सीजन देता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझे। इंदौर का जनभागीदारी मॉडल विश्व पटल पर सम्मानित हुआ है। यही इस शहर की विशेषता है।” इस मौके पर मंत्री विजयवर्गीय ने उपस्थित जनों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
जनभागीदारी, इंदौर के स्वच्छता मॉडल की असली पहचान।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि इंदौर के जनभागीदारी मॉडल को पूरा देश और दुनिया जानती है।यह दिन विशेष इसलिए है क्योंकि वर्षभर हमारे सफाई मित्र किसी भी जलसा, जुलूस या शोभायात्रा के बाद सफाई का दायित्व निभाते हैं। वीर गोगा जन्मोत्सव पर जब वे अवकाश पर रहते हैं तो यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि उनके सम्मान में हम सफाई अभियान का दायित्व निभाएँ। आज नगर के जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं सफाई कार्य कर इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। यही इंदौर के स्वच्छता मॉडल की असली पहचान है।
अन्य जनप्रतिनिधियों और पार्षदों ने भी अपने – अपने इलाकों में सफाई अभियान चलाकर सफाई मित्रों के प्रति अपने आदरभाव को व्यक्त किया।







