मुख्यमंत्री मोहन यादव की जन आभार यात्रा में उमड़ी भारी भीड़

  
Last Updated:  January 18, 2024 " 12:13 am"

यात्रा में नजर आया अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का उल्लास।

प्रभु श्रीराम की जय जयकार से गूंजता रहा यात्रा मार्ग।

बड़ा गणपति से लेकर राजवाड़ा तक सैकड़ों मंचों से हुआ मुख्यमंत्री डॉ. यादव का भव्य स्वागत ।

इंदौर : बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जन आभार यात्रा में भारी भीड़ उमड़ी।इंदौर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटें जीतने पर जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए बीजेपी द्वारा निकाली गई यह जन आभार यात्रा पूरीतरह भगवामय और राममय नजर आई। 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में होने जा रहे रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की छाप इस यात्रा में स्पष्ट दिखाई दी। सैकड़ों मंचों से पुष्पवर्षा और केसरिया रंग की कागज की कतरनें उड़ाकर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।बड़ा गणपति से शुरू हुई आभार यात्रा राजबाड़ा चौक में देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त हुई।

जन आभार यात्रा में उमड़ी भारी भीड़।

जन आभार यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बड़ा गणपति मंदिर में पूजा – अर्चना के साथ हुई। बड़ा गणपति से लेकर राजबाड़ा तक बीजेपी के विधायकों,पार्षदों और अन्य नेताओं के साथ विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने भी अपने मंच लगाए थे।पूरे यात्रा मार्ग को बीजेपी के झंडों के साथ ही भगवा पताकाओं व होर्डिंग्स से पाट दिया गया था। राजवाड़ा पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विशालकाय कटआउट लगाया गया था। इसके अलावा राम मंदिर की विशालकाय प्रतिकृति भी आकर्षण का केंद्र बनीं हुई थी। अनेक मंचों पर प्रभु श्रीराम के चित्र सजाए गए थे।राम,सीता, लक्ष्मण और हनुमान की वेशभूषा में बच्चे भी सभी का ध्यान खींच रहे थे। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ एक रथ में सवार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन समुदाय का अभिवादन किया। बीजेपी कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी तादाद में जनसमुदाय ने भी पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और आभार यात्रा का जोरदार स्वागत किया। करीब दो घंटे में यह आभार यात्रा मल्हारगंज, खजुरी बाजार होते हुए राजवाड़ा पहुंची।पूरा यात्रा मार्ग प्रभु श्रीराम की जय जयकार से गूंजता रहा। इस दौरान सतरंगी आतिशबाजी भी की गई। राजवाड़ा पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आभार यात्रा का समापन किया।

आभार यात्रा में बीजेपी नगर अध्यक्ष सौरव रणदिवे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, राकेश गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, उषा ठाकुर, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, मनोज पटेल, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, निशांत खरे, वरिष्ठ नेता बाबूसिंह रघुवंशी, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावडा, सावन सोनकर आदि सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *